Gold sliver Price: सोना-चांदी में गिरावट, जानें आज के ताजा रेट

2 Min Read

Gold sliver Price

मुंबई, एजेंसियां। पिछले सत्र की तेज उछाल के बाद मंगलवार को सोना और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। बाजार में मुनाफावसूली और अमेरिकी डॉलर की मजबूती के चलते बुलियन में बिकवाली देखी गई। हालांकि, वैश्विक तनाव और व्यापारिक अनिश्चितता ने बड़ी गिरावट को थामे रखा।

घरेलू बाजार में गिरावट

घरेलू वायदा बाजार Multi Commodity Exchange of India (MCX) पर अप्रैल डिलीवरी वाला सोना 0.58 प्रतिशत टूटकर 1,60,664 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। वहीं मार्च वायदा चांदी 0.33 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 2,64,450 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार करती दिखी।

अंतरराष्ट्रीय बाजार का हाल

वैश्विक स्तर पर भी दबाव बना रहा। COMEX पर सोना वायदा 1.1 प्रतिशत गिरकर 5,170.70 डॉलर प्रति औंस पर रहा, जबकि स्पॉट गोल्ड 1.5 प्रतिशत फिसलकर 5,150.38 डॉलर पर पहुंच गया। हाजिर चांदी में सबसे ज्यादा कमजोरी रही और यह 3.1 प्रतिशत लुढ़ककर 85.50 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।

डॉलर की मजबूती और ट्रंप फैक्टर

डॉलर इंडेक्स में इंट्रा-डे मजबूती से बुलियन पर दबाव बढ़ा। मजबूत डॉलर के कारण अन्य मुद्राओं में सोना-चांदी खरीदना महंगा हो जाता है, जिससे मांग घटती है। बाजार विश्लेषकों का कहना है कि अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट द्वारा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आपातकालीन टैरिफ पर दिए गए फैसले के बाद व्यापारिक अनिश्चितता बढ़ी है। ट्रंप की टैरिफ संबंधी चेतावनियों ने सोने की सुरक्षित निवेश (सेफ हेवन) के रूप में मांग को भी समर्थन दिया।

ईरान तनाव और चीन का असर

अमेरिका-ईरान तनाव और 10 दिन की समयसीमा ने सोने को निचले स्तरों पर सहारा दिया है। वहीं, लूनर न्यू ईयर के बाद चीन के बाजार खुलने से तरलता बढ़ी है। चीन में मजबूत औद्योगिक मांग के चलते चांदी की कीमतें पश्चिमी बाजारों की तुलना में प्रीमियम पर बनी हुई हैं।

Share This Article