Gold-Silver Price Update: सोना-चांदी की कीमतों में आई गिरावट

3 Min Read

Gold Silver Price Update:

नई दिल्ली, एजेंसियां। शादियों के सीजन के बीच सर्राफा बाजार से राहत भरी खबर सामने आई है। 26 फरवरी, गुरुवार की सुबह देश के प्रमुख शहरों में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। एक दिन पहले जहां सोना तेज उछाल के साथ नए स्तर पर पहुंच गया था, वहीं आज कीमतों में नरमी देखने को मिली है। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, वैश्विक बाजार में स्थिर रुख, निवेशकों की मुनाफावसूली और सुरक्षित एसेट्स की ओर रुख में बदलाव के कारण यह गिरावट आई है।

दिल्ली और मुंबई में 24 कैरेट सोने का भाव

राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत घटकर 1,62,050 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है। वहीं मुंबई में यही सोना 1,61,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है। इससे पहले दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 1,000 रुपये की तेजी के साथ 1,64,200 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया था। आज की गिरावट से खरीदारों को थोड़ी राहत मिली है।

22 और 18 कैरेट सोने के ताजा रेट

दिल्ली में 22 कैरेट सोना 1,48,560 रुपये प्रति 10 ग्राम और 18 कैरेट सोना 1,21,537 रुपये प्रति 10 ग्राम पर उपलब्ध है। मुंबई, चेन्नई और कोलकाता में 22 कैरेट गोल्ड का भाव 1,48,410 रुपये प्रति 10 ग्राम है, जबकि 18 कैरेट सोना 1,21,425 रुपये प्रति 10 ग्राम पर मिल रहा है।पुणे और बेंगलुरु में भी 24 कैरेट सोना 1,61,900 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोना 1,48,410 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है। कीमतों में यह गिरावट अंतरराष्ट्रीय बाजार के संकेतों का असर मानी जा रही है।

चांदी की कीमत में भी नरमी

सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी कमी दर्ज की गई है। 26 फरवरी की सुबह चांदी का भाव घटकर 2,75,287 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया। इससे एक दिन पहले चांदी 5,900 रुपये की तेजी के साथ 2,78,364 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई थी।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का हाजिर भाव 5,193 डॉलर प्रति औंस और चांदी का भाव 90.30 डॉलर प्रति औंस दर्ज किया गया है, जिसका असर घरेलू बाजार पर भी दिखाई दे रहा है।विशेषज्ञों का कहना है कि यदि वैश्विक बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रहता है, तो आने वाले दिनों में कीमतों में और बदलाव देखने को मिल सकता है। हालांकि शादी के सीजन में मांग बढ़ने से कीमतों को सपोर्ट मिल सकता है। फिलहाल गिरावट से खरीदारों को थोड़ी राहत जरूर मिली है।

Share This Article