Dipika Kakar Health Update:
मुंबई, एजेंसियां। टीवी इंडस्ट्री की लोकप्रिय अभिनेत्री दीपिका इब्राहिम इन दिनों एक और स्वास्थ्य चुनौती से गुजर रही हैं। स्टेज 2 लिवर कैंसर से जंग लड़ने के बाद अब उनके पेट से सिस्ट निकाला गया है। उनके पति और अभिनेता Shoaib Ibrahim ने सर्जरी के बाद उनकी हालत के बारे में जानकारी साझा की है।
लिवर कैंसर के बाद नई स्वास्थ्य समस्या
दीपिका पिछले साल से गंभीर बीमारी का सामना कर रही हैं। जून 2025 में उन्होंने लिवर ट्यूमर हटाने के लिए मेजर सर्जरी करवाई थी। इसके बाद से वह कीमोथेरेपी और रिकवरी के लंबे दौर से गुजर रही थीं। इलाज के दौरान ही उन्हें अचानक पेट में दर्द की शिकायत हुई। जांच में पता चला कि उनके पेट में एक सिस्ट बन गया है, जिसके बाद डॉक्टरों ने तुरंत सर्जरी का फैसला लिया। शोएब ने अपने व्लॉग में बताया कि सिस्ट हटाने की प्रक्रिया सफल रही है। हालांकि दीपिका अभी भी हल्के दर्द में हैं, लेकिन उनकी हालत स्थिर है और डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
अस्पताल जाने से पहले मनाई 8वीं शादी की सालगिरह
इस कठिन समय के बीच भी दोनों ने अपने खास पलों को संजोने की कोशिश की। सर्जरी से ठीक एक दिन पहले दीपिका और शोएब ने अपनी 8वीं वेडिंग एनिवर्सरी सादगी के साथ मनाई।
रमजान के महीने में दोनों ने साथ मिलकर रोजा खोला और घर पर ही समय बिताया। शोएब ने व्लॉग में दिखाया कि कैसे उन्होंने दीपिका को सालगिरह की बधाई दी और सकारात्मक माहौल बनाए रखने की कोशिश की। अगले ही दिन दीपिका सर्जरी के लिए अस्पताल में भर्ती हो गईं।
फैंस के साथ साझा कर रहे हर अपडेट
दीपिका और शोएब अपने प्रशंसकों को परिवार जैसा मानते हैं। यही वजह है कि वे अपनी हेल्थ जर्नी को खुलकर साझा कर रहे हैं। दीपिका अपने यूट्यूब चैनल पर कीमोथेरेपी के अनुभव, मानसिक स्थिति और रिकवरी के बारे में बात करती रही हैं।
शोएब भी सोशल मीडिया और व्लॉग के जरिए लगातार अपडेट देते रहते हैं, ताकि उनके चाहने वाले उनकी सेहत को लेकर चिंतित न हों।
फिलहाल डॉक्टरों ने दीपिका को ऑब्जर्वेशन में रखा है। फैन्स उनकी जल्द से जल्द पूरी तरह स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं। इस कठिन दौर में भी दोनों का हौसला और सकारात्मकता उनके प्रशंसकों को प्रेरित कर रही है।







