Ahmedabad metro expansion:
अहमदाबाद, एजेंसियां। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट बैठक में गुजरात को अहम सौगात मिली है। कैबिनेट ने अहमदाबाद मेट्रो के नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर को GIFT City से शाहपुर तक विस्तारित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना पर कुल 1,067.35 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। 3.33 किलोमीटर लंबे इस एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण से अहमदाबाद और गिफ्ट सिटी के बीच कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
तीन नए स्टेशन होंगे तैयार
मेट्रो विस्तार परियोजना के तहत तीन नए एलिवेटेड स्टेशनों का निर्माण किया जाएगा। इनमें गिफ्ट सिटी हाउस, गुजरात बायोटेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी और शाहपुर स्टेशन शामिल हैं। यह विस्तार गिफ्ट सिटी के सक्रिय व्यावसायिक क्षेत्र को शाहपुर और आसपास के शैक्षणिक संस्थानों से जोड़ेगा। इससे छात्रों, पेशेवरों और स्थानीय निवासियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।परियोजना को अगले चार वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। अनुमान है कि 2029 तक प्रतिदिन लगभग 23,702 यात्री इस मार्ग का उपयोग करेंगे, जो 2041 तक बढ़कर 58,059 तक पहुंच सकते हैं। बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए यह विस्तार भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
आर्थिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा
गिफ्ट सिटी देश का प्रमुख वित्तीय और तकनीकी हब बनता जा रहा है। मेट्रो विस्तार से यहां काम करने वाले हजारों पेशेवरों को सीधी और तेज कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे ट्रैफिक दबाव कम होगा और पर्यावरणीय लाभ भी मिलेगा। शाहपुर और आईआईटी गांधीनगर क्षेत्र के बीच बेहतर संपर्क से शिक्षा और रोजगार के अवसरों को भी बल मिलेगा।
राज्य में मेट्रो नेटवर्क का विस्तार
वर्तमान में गुजरात के अहमदाबाद और गांधीनगर में मेट्रो सेवा संचालित हो रही है। अहमदाबाद-गांधीनगर क्षेत्र में कुल मेट्रो नेटवर्क 71 किलोमीटर से अधिक का हो चुका है। Narendra Modi Stadium और कालूपुर रेलवे स्टेशन जैसे प्रमुख स्थल भी मेट्रो से जुड़े हैं। वहीं, सूरत में मेट्रो परियोजना का आंशिक संचालन 2026 के अंत तक शुरू होने की संभावना है।
गिफ्ट सिटी से शाहपुर तक मेट्रो विस्तार को राज्य के शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि गुजरात की आर्थिक प्रगति को भी नई गति मिलेगी।







