Adulterated milk kills 4
अमरावती, एजेंसियां। पूर्वी गोदावरी जिले में मिलावटी दूध पीने से पिछले 48 घंटों में चार लोगों की मौत हो गई। इनमें दो लोगों ने रविवार को और दो ने सोमवार को दम तोड़ा। इसके अलावा 12 अन्य लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी डायलिसिस की जा रही है।
आरोपी विक्रेता हिरासत में
पुलिस ने दूध की आपूर्ति करने वाले आरोपी विक्रेता को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि दूषित दूध के सेवन से पीड़ितों की किडनी प्रभावित हुई, जिससे अचानक मूत्र अवरोध की स्थिति बनी और उनकी मौत हो गई। राजामहेंद्रवरम उत्तर जोन के डीएसपी वाई श्रीकांत के अनुसार, चारों मृतक एक ही विक्रेता से दूध खरीदते थे। आरोपी करीब 40 मवेशियों का दूध और स्थानीय किसानों से एकत्रित दूध घर-घर पहुंचाता था।
जिला प्रशासन का रक्त परीक्षण शुरू
जिला प्रशासन ने एहतियातन उन 106 घरों में रक्त परीक्षण शुरू करा दिया है, जहां उक्त विक्रेता ने दूध की आपूर्ति की थी। प्रदेश सरकार ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की टीमें मामले की गहन जांच में जुटी हैं।







