हजारीबाग। हजारीबाग में दो बेटियों की हत्या कर सुसाइड करनेवाले डॉक्टर पर हत्या का केस दर्ज हुआ है।
इस मामले में डॉक्टर के छोटे भाई की पत्नी ने मृतक के खिलाफ कटकमदाग थाना में हत्या का मामला दर्ज कराया है।
इसमें मृतक डेंटिस्ट राजकुमार को आरोपी बनाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उसने दोनों बेटियों की हत्या कर जघन्य अपराध किया है।
कटकमदाग थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि मृतक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
मृतक के मोबाइल की छानबीन की जा रही है। मृतक की पत्नी चांदनी से भी पूछताछ होगी। अभी वह बोलने की स्थिति में नहीं है।
मृतक राजकुमार के बारे में पुलिस को पता चला है कि वह लीवर की बीमारी से पीड़ित थे। अब तक जो जांच में बात सामने आई है कि मृतक राजकुमार साव तनाव में था।
पिछले दिनों हैदराबाद से इलाज करा कर लौटा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अनुसंधान के बाद ही मामले का खुलासा किया जा सकता है।
बताते चलें कि हजारीबाग के सदर थाना क्षेत्र के बिष्णु पुरी इलाके में सोमवार दोपहर डेंटल सर्जन राज कुमार ने अपनी दो नाबालिग बेटियों को जहर देने के बाद आत्महत्या कर ली थी।
पुलिस मामले में प्रथमदृष्टया पारिवारिक कलह का संदेह व्यक्त कर रही है।
इसे भी पढ़ें
कांग्रेस के जामताड़ा जिलाध्यक्ष हरिमोहन मिश्रा ने थामा BJP का दामन