3, से 5 सितंबर को अच्छी बारिश के आसार, 6 के बाद बढ़ेगी गर्मी
रांची। झारखंड में मानसून कमजोर पड़ गया है। राज्य में अब तक सामान्य से 11% बारिश कम हुई है।
राज्य में 16 जिले ऐसे हैं जहां सामान्य से कम बारिश हुई है, जबकि 8 जिले ऐसे हैं जहां सामान्य से अधिक या सामान्य बारिश दर्ज की गई है। हालांकि, मानसून इस बार भी रांची पर मेहरबान रहा।
रांची में अगस्त में कम हुई बारिश
राजधानी में जून और जुलाई में सामान्य से कम बारिश होने से सुखाड़ की स्थिति बन रही थी, लेकिन अगस्त महीने के अंतिम 15 दिनों में पूरी तस्वीर ही बदल गई।
रांची जिले में सामान्य से अधिक बारिश हुई। 31 अगस्त तक सामान्य 815.4 मिमी की तुलना में 863.7 मिमी बारिश हुई। यह सामान्य से 6% अधिक है।
आज बारिश का येलो अलर्ट
वहीं मौसम विभाग ने आज रांची, जमशेदपुर समेत कई जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के कुछ हिस्सों में 3, 4 और 5 सितंबर को अच्छी बारिश की संभावना है।
मौसम केंद्र के अनुसार, रांची समेत कई जिलों 6 सितंबर तक आसमान पर बादल छाए रहेंगे। इस दौरान रोजाना हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना है।
कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश हो सकती है। अगले पांच दिन तापमान में भी बहुत अधिक बदलाव नहीं दिखेगा। अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री के बीच रहेगा। इसके बाद तापमान में कुछ बढ़ोतरी की संभावना है। बादल छंटने के बाद गर्मी भी बढ़ेगी।
इस महीने बारिश का कोटा पूरा होने की उम्मीद- मौसम विभाग
मौसम वैज्ञानिक एई कुजूर ने बताया कि सितंबर में भी अच्छी बारिश की संभावना है। अभी बंगाल की खाड़ी में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना है।
इससे माह के पहले सप्ताह में अच्छी बारिश होगी। बादल छाए रहेंगे और तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। वज्रपात का अलर्ट भी जारी किया गया है।
उन्होंने बताया कि सितंबर के दूसरे सप्ताह में भी बंगाल की खाड़ी में निम्न दवाब का क्षेत्र बनने की संभावना है।
इसका असर ओड़िशा, आंध्र प्रदेश से महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश से राजस्थान होते हुए गुजरात तक दिखेगा।
झारखंड के कई जिलों में भी हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। सितंबर माह में 212.3 मिमी सामान्य बारिश होनी चाहिए। महीने के अंत तक संभावना है कि सामान्य बारिश का कोटा पूरा हो जाएगा।
इसे भी पढ़ें
आज 18 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट, कल तक सक्रिय रहेगा मानसून