रांची : भीषण गर्मी से परेशान झारखंडवासियों के लिए खुशखबरी है। राज्य में मानसून प्रवेश कर चुका है। इसके साथ ही खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम के कुछ हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की चेतावनी भारत मौसम विज्ञान विभाग ने जारी कर दी है।
मौसम विज्ञान केंद्र रांची की ओर से जारी येलो अलर्ट में कहा गया है कि राज्य के कुछ जिलों में बादल गरजेंगे और बारिश होगी। राज्य में कई स्थानों पर वज्रपात की भी संभावना है। वहीं, हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर रहेगी।
संताल के रास्ते झारखंड पहुंचे मानसून ने गोड्डा, साहेबगंज, पाकुड़ और दुमका के कुछ हिस्सों को कवर कर लिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग का पूर्वानुमान है कि 20 जून से राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाएं चलेंगी और तेज बारिश हो सकती है। इससे तापमान में तीन से चार डिग्री तक गिरावट आयेगी।