National Handloom Day 2025:
नई दिल्ली, एजेंसियां। हर साल 7 अगस्त को नेशनल हैंडलूम डे मनाया जाता है, जो भारतीय बुनकरी परंपरा और कारीगरों को सम्मान देने के लिए समर्पित होता है। इस दिन का उद्देश्य हैंडलूम यानि हाथ से बनी कपड़े की कला को बढ़ावा देना और हमारी सांस्कृतिक धरोहर की सराहना करना है। इस खास मौके पर हम आपको 10 हैंडलूम साड़ियों के बारे में बता रहे हैं, जो हर भारतीय महिला के वॉर्डरोब का हिस्सा होनी चाहिए।
कांजीवरम
कांजीवरम को ‘साड़ियों की रानी’ कहा जाता है. इसे शुद्ध रेशम और चांदी से बनी जरी से तैयार किया जाता है। कांजीवरम साड़ी पहनना हर दक्षिण भारतीय दुल्हन का सपना होता है। ये साड़ी पारंपरिक और रॉयल लुक के लिए परफेक्ट है।
जामदानी
जामदानी साड़ियां हल्की, मुलायम और बेहद नाजुक डिजाइनों वाली होती हैं। इसमें हर मोटिफ हाथ से बुना जाता है और एक-एक धागा साड़ी को खूबसूरत बनाता है।
चंदेरी
चंदेरी साड़ी सिल्क और कॉटन के मिश्रण से बनती हैं, साथ ही ये साड़ी इतनी हल्की होती है कि पहनने वाले को इससे आरामदायक शायद ही कुछ लगे।
पैठाणी
पैठाणी साड़ी में खास होते हैं मोर, कमल और फूलों के मोटिफ्स. इसकी बनावट रेशमी धागों और डिजाइन गोल्डन जरी से किया जाता है। वहीं, सबसे खास बात यह है कि असली पैठाणी कभी पुरानी नहीं लगती, बल्कि समय के साथ और भी सुंदर दिखती है. यानी ये एक पीढ़ी से दूसरी तक चलने वाली विरासत है।
पोचमपल्ली इकत
पोचमपल्ली की साड़ियों की पहचान है इसके ज्योमेट्रिक पैटर्न्स और चमकीले रंग। इसमें डाई करने से पहले धागों को डिजाइन किया जाता है। अगर आपको थोड़ा हटकर स्टाइल चाहिए, तो पोचमपल्ली की बोल्ड डिजाइन वाली साड़ी जरूर ट्राय करें. ये स्मार्ट और यूनिक लुक देती है।
बनारसी
शादी हो या त्योहार, बनारसी साड़ी हर जगह फिट बैठती है। इसकी बारीक जरी कढ़ाई और मुगल डिजाइन इसे खास बनाते हैं। वहीं, अब बनारसी साड़ी पेस्टल, मिनिमल और मॉडर्न अवतार में भी आ रही हैं।
कसावु
केरल की कसावु साड़ी सादगी की मिसाल है। सादा सफेद रंग और सुनहरी बॉर्डर वाली ये साड़ी बेहद सुंदर लगती है। ये कपास और सिल्क दोनों में मिलती है और खासतौर पर ओणम जैसे त्यौहारों में इसे पहना जाता है।
मूगा सिल्क
असम में मिलने वाला ये रेशम दुनिया में कहीं और नहीं मिलता है। मूगा सिल्क अपने प्राकृतिक सुनहरे रंग और चमक के लिए जाना जाता है। वहीं, इससे तैयार साड़ियां बहुत टिकाऊ और बेहद कीमती होती हैं।
पाटोला
पाटोला साड़ियां डबल इकत तकनीक से बनाई जाती हैं, जिसमें दोनों ओर एक जैसा पैटर्न होता है। इस एक साड़ी को बनाने में महीनों लगते हैं।
इलकल
इन सब से अलग इलकल साड़ियां सिंपल होती हैं लेकिन देखने में बहुत स्टाइलिश लगती हैं। इसकी पहचान है लाल रंग का पल्लू और मिट्टी जैसे रंग। ये कॉटन या सिल्क-कॉटन में मिलती हैं और खासकर गर्मियों के लिए परफेक्ट रहती हैं।
इन साड़ियों को पहनकर आप भी अपनी सांस्कृतिक विरासत को सजगता से प्रकट कर सकती हैं और हर अवसर पर एक रॉयल लुक पा सकती हैं।
इसे भी पढ़ें
Lifestyle: इन 5 रंगों के कपड़े पहनेंगे तो दिखेंगे स्लिम, स्टाइलिश और कॉन्फिडेंट!














