Indoor cooling plants: घर में लगाएं यह पौधा, गर्मी में भी रहेगा हरा-भरा और देगा ठंडक

3 Min Read

Indoor cooling plants

नई दिल्ली, एजेंसियां। गर्मियों में पौधों का सूखना आम बात है, लेकिन कुछ पौधे ऐसे भी हैं जो तेज गर्मी में भी हरे-भरे रहते हैं और घर को ठंडक देने में मदद करते हैं। इनमें एस्पेरेगस फर्न या फॉक्सटेल फर्न सबसे लोकप्रिय है। यह पौधा न केवल सुंदर दिखता है बल्कि हवा में नमी बनाए रखकर वातावरण को ठंडा और ताजगी भरा बनाता है।

सालभर हरा-भरा रहने वाला पौधा

एस्पेरेगस फर्न का फेदर जैसा टेक्सचर और छोटी-छोटी पत्तियां इसे देखने में बेहद आकर्षक बनाती हैं। यह घर के छोटे-बड़े गमलों, कंटेनरों, बालकनी, आंगन और बरामदे में आसानी से लगाया जा सकता है। यह पौधा प्राकृतिक एयर प्यूरीफायर के रूप में भी काम करता है और गर्मी में घर के वातावरण को ठंडा रखने में मदद करता है।

किस तरह उगाएं एस्पेरेगस फर्न

यह पौधा हर मौसम में बढ़ता रहता है, लेकिन अगर इसे सूरज की हल्की रोशनी सुबह-शाम मिले, तो यह और भी बेहतर ग्रो करता है। इसे लगाने के लिए मिट्टी नम और अच्छी जल निकासी वाली होनी चाहिए। कंटेनर में पानी जमा न हो, इसके लिए गमले की तली में सुराख होना जरूरी है। पत्तियों के लिए PH 6.5-6.8 वाली मिट्टी उपयुक्त है। आप घर पर मिट्टी तैयार करने के लिए 50% बगीचे की मिट्टी, 30% गोबर की पुरानी खाद और 20% कोकोपीट या वर्मिक्युलाइट मिला सकते हैं।

पौधा या बीज: क्या चुनें?

बीज से पौधा उगाने में समय और अतिरिक्त देखभाल की जरूरत होती है, इसलिए तैयार पौधा लगाना बेहतर रहता है। आप नर्सरी से लिया पौधा निकालकर उसकी जड़ों के गुच्छों को 2-3 हिस्सों में बांटकर नई मिट्टी में रोप सकते हैं। वसंत का मौसम इस काम के लिए सबसे अच्छा होता है, क्योंकि गर्मी तक पौधा अच्छी तरह से बढ़ जाता है।

पानी और खाद देने का तरीका

एस्पेरेगस फर्न को महीने में एक बार या जरूरत पड़ने पर 15 दिन में तरल फर्टिलाइज़र या पानी में घुलने वाली खाद दी जा सकती है। ध्यान रखें कि मिट्टी में बस हल्की नमी बनी रहे; अधिक पानी की आवश्यकता नहीं है। यह पौधा तेजी से बढ़ता है, इसलिए समय-समय पर इसकी छंटाई करते रहना चाहिए।

Share This Article