योगी आदित्यनाथ ने बदरीनाथ और केदारनाथ के दर्शन किए

2 Min Read

गोपेश्वर  :  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को बदरीनाथ और केदारनाथ के दर्शन किए। योगी ने केदारनाथ मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का अभिषेक किया और पूजा-अर्चना कर विश्व में सुख, समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।योगी के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र और प्रमुख सचिव गृह एवं मुख्यमंत्री के सचिव संजय प्रसाद भी केदारनाथ पहुंचे।

ऋषिकेश के पास नरेंद्रनगर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई मध्य क्षेत्र परिषद की बैठक में हिस्सा लेने के बाद योगी को शनिवार को ही केदारनाथ पहुंचना था, लेकिन मौसम खराब होने के कारण उनका हैलीकॉप्टर उतर नहीं पाया और इस कारण वह सीधे बदरीनाथ चले गए। बदरीनाथ मंदिर में उनका तीर्थ पुरोहितों ने स्वागत किया, जिसके बाद वह भगवान बदरी विशाल की शयन आरती में शामिल हुए और भगवान के दर्शन एवं विशेष पूजा-अर्चना की।

इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्वालुओं और स्थानीय जनता का अभिवादन भी किया। योगी ने सरस्वती नदी के दर्शन और जलग्रहण किया। बाद में वह भारत-चीन सीमा पर घस्तोली में तैनात भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आइटीबीपी) के जवानों से मिले और उनका हौसला बढ़ाया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर उत्साहित जवानों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाए।

भ्रमण के दौरान योगी ने कहा, ”उत्तराखंड मेरे लिए नया नहीं है। यह मेरी जन्मभूमि है। मैंने अपना बचपन उत्तराखंड में ही बिताया है और जब भी मुझे उत्तराखंड आने का अवसर मिलता है, तो मुझे अंतःकरण से आनंद की अनुभूति होती है।” उन्होंने भगवान बदरी विशाल के दर्शन को अपना सौभाग्य बताते हुए कहा कि इस पवित्र स्थान को अनेक संतों एवं योगियों ने अपनी साधना और तप से पवित्र किया है।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं