लेखक अमीश त्रिपाठी ने लंदन के नेहरू केंद्र का निदेशक पद छोड़ा

IDTV Indradhanush
2 Min Read

लंदन : ब्रिटेन की राजधानी में चार साल तक सैकड़ों भारत-केंद्रित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का समन्वय करने के बाद लेखक अमीश त्रिपाठी ने लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग में संस्कृति एवं शिक्षा मंत्री और नेहरू केंद्र का निदेशक पद छोड़ दिया है।

इस हफ्ते मुंबई लौट रहे त्रिपाठी (49) को उम्मीद है कि लंदन उनका दूसरा घर बना रहेगा, क्योंकि यह दुनिया के सबसे “असाधारण” शहरों में से एक है और एक ब्रिटिश नागरिक के रूप में उनकी पत्नी शिवानी का भी इससे गहरा नाता है। त्रिपाठी ने कहा, “नेहरू सेंटर एक भव्य संपत्ति है, जिसकी समृद्ध विरासत है। मुझे बहुत गर्व है कि मुझे इस महान संस्थान में अपना योगदान देने का मौका मिला।”

उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि यह भारत में संस्कृति के क्षेत्र में एक अद्भुत समय है और नेहरू केंद्र एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। हर तरह से, भारत बहुत अधिक प्रभावशाली होता जा रहा है-खेल में हमारा प्रदर्शन देखें, आर्थिक रूप से, शैक्षिक रूप से, हर तरह से हमारा प्रदर्शन देखें।”

त्रिपाठी ने कहा, “हमारे पास ब्रिटेन में भारतीय मूल के प्रधानमंत्री (ऋषि सुनक) और अमेरिका में रिपब्लिकन पार्टी में राष्ट्रपति पद के भारतीय मूल के दावेदार (विवेक रामास्वामी) हैं। मुझे लगता है कि इन सबके साथ भारत का सांस्कृतिक प्रभाव भी बढ़ेगा।”

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं