मुंबई, एजेंसियां : महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने शनिवार को चुनावी बॉण्ड योजना को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आलोचना करने पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर पलटवार किया।
उन्होंने सवाल किया कि क्या राहुल उनकी पार्टी को बॉण्ड के जरिये मिली राशि लौटाएंगे।
फडणवीस ने राज्य मंत्रिमंडल की बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘भाजपा 303 सांसदों के साथ सबसे बड़ी पार्टी है, इसलिए हमें कुल बॉण्ड का 30 प्रतिशत मिला, जबकि कांग्रेस सहित बाकी विपक्ष को बॉण्ड के जरिये 70 प्रतिशत राशि मिली।’’
उन्होंने सवाल किया, ‘‘क्या राहुल गांधी, कांग्रेस को चुनावी बॉण्ड से मिली राशि लौटाएंगे? पार्टी ने धन पाने के लिए किसे दी धमकी?’’
भाजपा नेता ने कहा कि चुनावी बॉण्ड से प्राप्त राशि लेखा-जोखा वाला पैसा है जिसे राजनीतिक दलों के साथ-साथ कॉरपोरेट घरानों के बहीखाते में दिखाया जाता है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘अगर योजना में कोई खामी हैं तो अदालत उसे ठीक करेगी।’’
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘ राहुल गांधी की बौखलाहट इसलिए है क्योंकि उनकी पार्टी के काले धन के स्रोत को बंद कर दिया गया है। कांग्रेस चुनाव लड़ने के लिए काला धन चाहती है।’’
फडणवीस के साथ संवाददाता सम्मेलन में मौजूद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि राहुल गांधी के पास बोलने के लिए कोई मुद्दा नहीं बचा है।
उन्होंने कहा, ‘‘ उन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ बोलने का कोई अधिकार नहीं है। भारत में केवल ‘मोदी गारंटी’ ही काम करती है और लोग इसे जानते हैं।
उसका कोई विकल्प नहीं है। दुनिया भर में मोदी की लोकप्रियता से राहुल गांधी परेशान हैं।’’
इसे भी पढ़ें
भारतीय पेटेंट कार्यालय ने पिछले एक साल में एक लाख पेटेंट दिए









