क्या कांग्रेस अपने झंडे से भगवा रंग हटाने की हिम्मत करेगी: मोहन यादव

3 Min Read

भोपाल: दूरदर्शन न्यूज के ‘लोगो’ का रंग बदले जाने पर विपक्षी दलों की आपत्तियों के बीच, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को सवाल किया कि क्या कांग्रेस अपने झंडे से ‘भगवा’ रंग हटाने की हिम्मत करेगी।

यादव ने एक बयान में कहा कि वामपंथी और विपक्षी दल यह नहीं समझते कि भगवा त्याग का प्रतीक है और सूर्य संस्कृति का वाहक है।

सार्वजनिक प्रसारक ‘दूरदर्शन न्यूज’ के ‘लोगो’ का रंग लाल से नारंगी (रंग) करने पर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है।

विपक्ष ने इसे ‘‘पूरी तरह से अवैध’’ बताया है। विपक्षी दलों के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए यादव ने कहा, ‘‘कांग्रेस क्या चाहती है?

वामपंथी और विपक्षी दल यह नहीं समझते कि भगवा हमारे त्याग और वैराग्य का प्रतीक है। अब अगर भगवा का इतना ही विरोध है तो क्या कांग्रेस अपने झंडे से यह रंग हटाने की हिम्मत करेगी?”

उन्होंने विपक्षी दलों पर संपूर्ण सनातन और हिंदू संस्कृति का अपमान करने का आरोप लगाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘लोगो’ के रंग में बदलाव को लेकर कांग्रेस और वामपंथियों के बयानों से हंसी आती है और गुस्सा भी आता है।

विपक्षी दलों ने ‘लोगो’ के रंग में बदलाव किये जाने की आलोचना की है।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इसे चुनाव के दौरान दूरदर्शन के ‘‘भगवाकरण’’ का प्रयास करार दिया है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनीष तिवारी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पूर्व केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री के रूप में, मैं चाहता हूं कि प्रसार भारती ‘लोगो’ का रंग बदलने के बजाय सार्वजनिक प्रसारक की सामग्री को बेहतर बनाने पर अधिक ध्यान केंद्रित करे।’’

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एवं द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के अध्यक्ष एम. के. स्टालिन ने दूरदर्शन के ‘लोगो’ का रंग बदलने की आलोचना करते हुए कहा कि यह हर चीज का भगवाकरण करने की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘साजिश’ की शुरुआत है।

इसे भी पढ़ें

विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ से अलग होने से मना करने पर हेमंत सोरेन को जेल भेजा गया: खरगे

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं