सीबीआई, ईडी का ध्यान सरकारी परियोजनाओं में भ्रष्टाचार संबंधी कैग रिपोर्ट पर क्यों नहीं: पवन खेड़ा

2 Min Read

नागपुर: कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने सोमवार को पूछा कि जांच एजेंसियों की रुचि उन कैग रिपोर्ट में क्यों नहीं है जिनमें केंद्र सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप हैं।

उन्होंने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कैग की रिपोर्ट में भारतमाला परियोजना और द्वारका एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाओं के कार्य में अनियमितताओं के ‘‘गंभीर आरोप’’ हैं।

ये परियोजनाएं नितिन गडकरी के नेतृत्व वाले केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अंतर्गत आती हैं।

गडकरी नागपुर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लोकसभा उम्मीदवार हैं। उन्होंने 2014 और 2019 में इस सीट से बड़े अंतराल से जीत दर्ज की थी।

खेड़ा ने आरोप लगाया कि मंत्रालय ने आर्थिक मामलों पर मंत्रिमंडल की समिति की मंजूरी के बिना एक लाख करोड़ रुपये के बॉन्ड जारी किए थे।

उन्होंने यह भी दावा किया कि केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के तहत काम करने वाले भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने “बिना दिमाग लगाए” भारी ऋण लिया और इसकी निर्माण लागत दोगुनी हो गई।

खेड़ा ने कहा, “सीबीआई और ईडी अब कहां हैं? क्या उन्होंने इन पर नोटिस जारी किए हैं? कांग्रेस शासन के दौरान, कैग रिपोर्ट में आरोपों को लेकर देश भर में आंदोलन हुए थे।”

कांग्रेस नेता ने कहा कि देश एक महत्वपूर्ण एवं निर्णायक दौर से गुजर रहा है और इस बारे में सवालिया निशान है कि ‘‘संविधान बचेगा या नहीं’’।

खेड़ा ने दावा किया कि कई भाजपा नेता बयान दे रहे हैं कि अगर पार्टी को 2024 के लोकसभा चुनाव में 400 सीट मिलती हैं तो वह संविधान बदल देगी।

इसे भी पढ़ें

ओडिशा : कांग्रेस ने जतनी से पार्टी विधायक सुरेश कुमार राउतराय को निष्कासित किया

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं