नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को अपने नेपाली समकक्ष पुष्पकमल दाहाल ‘प्रचंड’ के साथ व्यापक वार्ता के बाद कहा कि भारत और नेपाल अपने द्विपक्षीय संबंधों को हिमालयी ऊंचाइयों पर ले जाने और सीमा मुद्दे सहित सभी मामलों को इसी भावना के साथ हल करने का प्रयास करेंगे। बैठक के बाद मीडिया को दिए बयान में मोदी ने कहा कि उन्होंने और प्रचंड ने भविष्य में दोनों देशों के बीच साझेदारी को ‘सुपर हिट’ बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि आज मैंने और प्रधानमंत्री प्रचंड ने भविष्य में अपनी पार्टनरशिप को सुपरहिट बनाने के लिए बहुत से महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। आज ट्रांजिट एग्रीमेंट संपन्न किया गया है। उन्होंने कहा कि मुझे याद है कि 9 साल पहले 2014 में कार्यभार संभालने के तीन महीने के भीतर मैंने नेपाल की अपनी पहली यात्रा की थी।
उस समय मैंने भारत-नेपाल संबंधों के लिए एक “हिट” फार्मूला दिया था- हाईवेस, आई-वे, और ट्रांस-वे है। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत और नेपाल के बीच ‘लॉन्ग टर्म पावर ट्रेड एग्रीमेंट’ संपन्न हुआ है। इसमें हमने आने वाले 10 वर्षों में नेपाल से 10 हज़ार मेगावाट बिजली आयात करने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि हम अपने रिश्तों को हिमालय जितनी ऊंचाई देने के लिए काम करते रहेंगे। और इसी भावना से हम सभी मुद्दों को, चाहे बाउंड्री का हो या कोई और विषय, सभी का समाधान करेंगे।







