मणिपुर में हिंसा, सीएम समेत 3 मंत्री, 6 विधायकों के घरों पर हमला [Violence in Manipur, houses of 3 ministers including CM, 6 MLAs attacked]

2 Min Read

5 जिलों में कर्फ्यू, 7 में इंटरनेट बंद

इंफाल/आइजोल, एजेंसियां। मणिपुर में एक महिला और दो बच्चों के शव मिलने के बाद शुरू हुआ प्रदर्शन शनिवार को हिंसक हो गया। मैतेई बहुल इंफाल घाटी में प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार के तीन मंत्रियों और 6 भाजपा विधायकों के घरों पर हमला किया।

उग्र भीड़ ने मंत्री सपम रंजन, सीएम बीरेन सिंह के दामाद और भाजपा विधायक आरके ईमो सिंह के घरों को भी निशाना बनाया। देर रात उग्र भीड़ मुख्यमंत्री बीरेन सिंह के भी आवास तक पहुंच गई।

सुरक्षाबलों ने छोड़े आंसू गैस के गोलेः

प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए सुरक्षाबलों को आंसू गैस के गोले और हवाई फायरिंग करनी पड़ी। हालात बिगड़ते देख 5 जिलों में कर्फ्यू लगाया गया है। वहीं, 7 जिलों में इंटरनेट बंद कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री को हटाने की मांग तेजः

इस बीच, कुछ मंत्रियों सहित भाजपा के 19 विधायकों ने बीरेन सिंह को हटाने की मांग करते हुए प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) को पत्र भेजा है। सूत्रों के अनुसार अगले दो-तीन दिन में हालात और बिगड़े तो प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लग सकता है।

शनिवार को जिरिबाम में बराक नदी के तट से दो महिलाओं और एक बच्चे का शव मिला था। शक है कि ये इन्हें 11 नवंबर को कुकी उग्रवादियों ने जिरीबाम से अपहृत किया था।

इसी दिन सुरक्षाबलों ने 10 बंदूकधारी उग्रवादियों को मार डाला था। जबकि कुकी-जो संगठन ने इन 10 लोगों को विलेज गार्ड बताया था। वहीं, शुक्रवार रात को एक महिला और दो बच्चों के शव मिले थे।

इसे भी पढ़ें

मणिपुर: भारी मात्रा में हथियार बरामद

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं