विनेश फोगाट-बजरंग पूनिया आज कांग्रेस जॉइन करेंगे [Vinesh Phogat-Bajrang Punia will join Congress today]

2 Min Read

दोनों पहलवान दिल्ली पहुंचे

चंडीगढ़, एजेंसियां। हरियाणा की पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया आज कांग्रेस जॉइन करेंगे। इसके लिए दोनों दिल्ली पहुंच गए हैं।

बजरंग पूनिया ने मीडिया से बात करते हुए इसकी पुष्टि की। दोपहर करीब डेढ़ बजे उनकी जॉइनिंग हो सकती है। उनकी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से भी मुलाकात होगी।

विनेश का चुनाव लड़ना तय, बजरंग स्टार प्रचारक होंगेः

विनेश फोगाट विधानसभा चुनाव लड़ेंगी। उनकी जींद के जुलाना से टिकट तय मानी जा रही है। हालांकि चचेरी बहन बबीता फोगाट को भाजपा टिकट न मिलने से अब दादरी सीट का विकल्प भी उनके लिए खुला है।

कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि विनेश 11 सितंबर को नामांकन करेंगी। जबकि बजरंग पूनिया को स्टार प्रचारक बना प्रचार का जिम्मा मिल सकता है। असल में बजरंग झज्जर की बादली सीट मांग रहे थे।

कांग्रेस ने यहां से मौजूदा विधायक कुलदीप वत्स का टिकट काटने से इनकार कर दिया। बजरंग को संगठन में कोई बड़ा पद दिया जा सकता है। वह पूरे हरियाणा में प्रचार करेंगे।

बृजभूषण सिंह का बयान वायरलः

वहीं इसको लेकर अब WFI के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण सिंह का बयान भी वायरल हो रहा है। जिसमें वे कह रहे हैं कि जब मेरे खिलाफ आरोप लगाए गए तो मैंने तभी बोल दिया था कि यह साजिश कांग्रेस की है। दीपेंद्र हुड्डा और भूपेंद्र हुड्डा की है। मैंने पहले भी कहा था आज तो देश कह रहा है। अब मुझे इस बारे में कुछ कहने की जरूरत नहीं है।

वहीं भाजपा के पूर्व मंत्री अनिल विज ने कहा कि विनेश फोगाट देश की बेटी से कांग्रेस की बेटी बनना चाहती हैं।

इसे भी पढ़ें

विनेश फोगाट दिल्ली पहुंची, एयरपोर्ट पर साक्षी मलिक के गले लगकर रोई

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं