New York Iftar event:
न्यूयॉर्क, एजेंसियां। प्रसिद्ध भारतीय शेफ विकास खन्ना का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी को अपने रेस्टोरेंट में इफ्तार कराते नजर आ रहे हैं। खास बात यह है कि इस मुलाकात ने विकास खन्ना को 25 साल पुरानी यादों में पहुंचा दिया, जिसे उन्होंने एक भावुक पोस्ट के जरिए साझा किया।
रेस्टोरेंट ‘बंगला’ में हुआ इफ्तार कार्यक्रम
हाल ही में न्यूयॉर्क में रमजान के मौके पर एक खास इफ्तार डिनर का आयोजन किया गया था। यह कार्यक्रम शेफ विकास खन्ना के मशहूर रेस्टोरेंट में आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम में शहर के मेयर जोहरान ममदानी भी शामिल हुए और पारंपरिक तरीके से खजूर के साथ रोजा खोला।
25 साल पुरानी मुलाकात को किया याद
वीडियो शेयर करते हुए विकास खन्ना ने बताया कि उनकी पहली मुलाकात ममदानी से साल 2001 में हुई थी। उस समय वे न्यूयॉर्क में संघर्ष के दौर से गुजर रहे थे और एक रेस्टोरेंट में काम कर रहे थे। उसी दौरान मशहूर फिल्म निर्माता Mira Nair अपने छोटे बेटे जोहरान के साथ वहां आई थीं।
विकास खन्ना के अनुसार, मीरा नायर ने उस समय उनकी काफी मदद की थी और बाद में कई कार्यक्रमों में उन्हें खाना बनाने का मौका भी मिला। अब 25 साल बाद वही छोटा बच्चा न्यूयॉर्क का मेयर बन चुका है और उनके रेस्टोरेंट में इफ्तार के लिए आया, जो उनके लिए बेहद खास पल था।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, इसे लाखों लोगों ने देख लिया। कई यूजर्स ने इस पल को प्रेरणादायक बताते हुए दोनों की सादगी और दोस्ती की तारीफ की।








