Girls for sale statement
पटना, एजेंसियां। उत्तराखंड सरकार में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू का एक वीडियो सामने आया है। इसमें वे कह रहे हैं कि बिहार में लड़की 20-25 हजार में मिल जाती है।
मामला अल्मोड़ा की सोमेश्वर विधानसभा का है, जिसमें भाजपा के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मंत्री के पति कुछ लड़कों पर शादी ना होने पर तंज कसते हुए नजर आ रहे हैं। गिरधारी सामने बैठे कार्यकर्ता से कहते हैं- ‘चलना हमारे साथ, हम तुम्हारी शादी करवा देंगे।’
इस पूरे मामले को लेकर RJD ने मंत्री के पति के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
महिला आयोग ने लिया संज्ञान
इधर, बिहार महिला आयोग ने पूरे मामले पर स्वतः संज्ञान लिया है। महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने कहा, मामले पर महिला मंत्री के पति को नोटिस भेजा जाएगा। उनसे जवाब मांगा जाएगा।
वहीं, उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा- ये सीधे तौर पर पूरे देश और बिहार की महिलाओं का अपमान है। यह बयान महिलाओं को वस्तु के रूप में देखने वाली विकृत मानसिकता को भी उजागर करता है। रेखा आर्य को अपने पति के साथ मीडिया के सामने आकर माफी मांगनी चाहिए।
2027 की तैयारी में रेखा आर्या और उनके पति
2022 में सोमेश्वर से विधायक और मंत्री रेखा आर्य 2027 की तैयारी में जुटी हैं। उनके पति गिरधारी लाल चुनाव की तैयारी में पूरा साथ दे रहे हैं। करीब 7-8 दिन पहले चुनावी रणनीति तैयार करने के लिए ही गिरधारी लाल अल्मोड़ा जिले में पड़ने वाली सोमेश्वर सीट के दौलाघाट क्षेत्र में पहुंचे थे। यहां पर कार्यकर्ताओं को एकजुट करने वाले एक कार्यक्रम में उन्होंने मंच से ये बयान दिया।

