जदयू में जल्द बड़ी टूट होगी : उपेन्द्र कुशवाहा

IDTV Indradhanush
3 Min Read

पटना : राष्ट्रीय लोक जनता पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व केन्द्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने दावा किया है कि जदयू में जल्द ही एक बड़ी टूट होगी और पूरी पार्टी समाप्त हो जाएगी। उन्होंने कहा कि जदयू डूबती नैया है और इसके कई नेता उनके संपर्क में हैं। जल्द ही उसकी तस्वीर दिख जाएगी। इतना ही नहीं उन्होंने जदयू नेतृत्व को खुली चुनौती दी है कि अपनी पार्टी को टूटने से बचा लो।  उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के पहले ही जदयू का बुरा हश्र हो जाएगा। जदयू के शीर्ष नेताओं (नीतीश कुमार और ललन सिंह) के सामने ही उनकी पार्टी बिखर जाएगी।

कुशवाहा ने शनिवार को पटना स्थित अपने आवास पर मीडियाकर्मियों से बातचीत में कहा कि पीएम मोदी के सामने कोई चुनौती नहीं है। लोकसभा चुनाव 2024 में एक बार फिर से पीएम के तौर पर नरेन्द्र मोदी शपथ लेंगे। देश में उनके सामने कोई चुनौती नहीं है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हारी हुई बाजी लगा रहे हैं।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तस्वीर अपने कमरे से हटाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि लोगों के बीच कोई कन्फ्यूजन ना हो इसलिए तस्वीर हटाई है। उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि अमित शाह से मुलाकात काफी अच्छे माहौल में हुई है। एनडीए में शामिल होने के सवाल पर कहा कि आप लोग अटकलें लगाते रहें। एनडीए में शामिल होने को लेकर अटकलें लगा रहे हैं। लेकिन पार्टी के अंदर कोई फैसला नहीं लिया गया है।

वहीं नीतीश कुमार की विपक्षी एकजुटता के प्रयास पर उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि इसमें क्या नया था? उन्होंने यहां तक कहा कि 2024 में नरेंद्र मोदी के सामने देश में कोई चुनौती नहीं रहेगी। मोदी के मुकाबले विपक्षी एकता जैसी कोई पहल सफल नहीं होगी। उपेंद्र कुशवाहा ने जातीय जनगणना के फायदे पर कहा कि इसका फायदा अकेले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को नहीं होगा।

हमने भी जातीय जनगणना की आवाज उठाई थी। सभी पार्टियों ने तय किया था। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इसके बाद यह करा रहे हैं। अतीक अहमद की हत्या के सवाल पर उन्होंने बीच का रास्ता अपनाते हुए कहा कि अतीक अहमद की हत्या की जांच चल रही है। पूरे मामले को यूपी पुलिस देख रही है। मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों को निलंबित किया गया है। जांच के पहले कुछ बोलना सही नहीं होगा।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं