लखनऊ, एजेंसियां। यूपी सरकार ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को जेपी कन्वेशन सेंटर जाने से रोका, तो उन्होंने घर में लगी लोकनायक जय प्रकाश नारायण की मूर्ति पर माला चढ़ा दी।
इससे पहले वह जय प्रकाश नारायण नेशनल कन्वेशन सेंटर (जेपीएनआईसी) में माल्यार्पण करने पर अड़े हुए थे।
उन्होंने कहा कि आज त्योहार है, नहीं तो बैरिकेडिंग रोक नहीं पाती, इसे तोड़ देते।
बारिश की वजह से जगह सुरक्षित नहीः यूपी सरकार
अखिलेश को रोकने के पीछे राज्य सरकार ने तर्क दिया है कि बारिश के चलते जेपीएनआईसी में जीव-जंतु हो सकते हैं, इसलिए माल्यार्पण करना सुरक्षित नहीं है।
प्रशासन ने शुक्रवार को अखिलेश के घर के बाहर बैरिकेडिंग की, तार बिछाए और बड़ी संख्या में फोर्स तैनात कर दिया।
सरकारी अफसर बिच्छू हैः
जेपीएनआईसी के बाहर भी टीन की ऊंची दीवार खड़ी कर दी गई। अखिलेश ने जेपीएनआईसी जाने से रोकने पर कहा कि सरकारी अफसर खुद बिच्छू हैं।
अखिलेश ने कहा कि यूपी सरकार जेपीएनआईसी को बेचना चाहती है। पहले भी हमें माल्यार्पण करने से रोका गया।
योगी लोकनायक का इतिहास नहीं जानते। राज्य सरकार गूंगी और बहरी सरकार है। ये विकास नहीं विनाश करने में माहिर है।
क्या अखिलेश को हाउस अरेस्ट किया गया है?
अखिलेश के आवास के बाहर भारी सुरक्षा इंतजाम पर सपा ने पूछा था कि क्या अखिलेश को हाउस अरेस्ट किया गया है?
उनके आवास के बाहर सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे। पार्टी अध्यक्ष को माल्यार्पण करने से रोकने पर नाराज दिख रहे थे।
सरकार के खिलाफ लगातार नारेबाजी कर रहे थे। राज्य सरकार और सपा के बीच टकराव गुरुवार रात से ही शुरू हो गया, जब अखिलेश ने वीडियो पोस्ट किया, जिसमें जेपीएनआईसी गेट पर टिन शेड की दीवार खड़ी करते हुए मजदूर दिखाई पड़े।
अखिलेश ने पोस्ट में लिखा था- श्रद्धांजलि देने से रोकना सुसभ्य लोगों की निशानी नहीं है। शुक्रवार सुबह बैरिकेडिंग और फोर्स तैनात करने पर सपा ने सरकार से सवाल किया था- क्या ये हाउस अरेस्ट है।
इसे भी पढ़ें









