Donald Trump SOTU Speech:
वाशिंगटन, एजेंसियां। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्टेट ऑफ द यूनियन (SOTU) संबोधन में 107 मिनट तक भाषण देकर नया रिकॉर्ड बनाया, लेकिन इस ऐतिहासिक लंबाई से ज्यादा चर्चा उनके दावों को लेकर हो रही है। भाषण के बाद फैक्ट-चेक में सामने आया कि उन्होंने 20 से अधिक भ्रामक या गलत दावे किए, जिनमें भारत से जुड़ा बयान भी शामिल है।
107 मिनट का रिकॉर्ड भाषण, दावों पर उठे सवाल
ट्रंप ने अमेरिका की अर्थव्यवस्था, अपराध, विदेश नीति और चुनाव जैसे मुद्दों पर विस्तार से बात की। हालांकि, कई मौकों पर विपक्षी डेमोक्रेट सांसदों ने उनके दावों का विरोध किया और सदन में “झूठ” के नारे भी लगे। भाषण समाप्त होने के बाद मीडिया संस्थानों और स्वतंत्र एजेंसियों ने उनके बयानों की पड़ताल शुरू की।
भारत-पाकिस्तान युद्ध रुकवाने का दावा
ट्रंप ने दावा किया कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान समेत आठ युद्ध रुकवाए। उन्होंने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री का हवाला देते हुए कहा कि उनके हस्तक्षेप से संघर्ष टला। हालांकि, आधिकारिक रिकॉर्ड में इस तरह के किसी प्रत्यक्ष अमेरिकी हस्तक्षेप की पुष्टि नहीं होती। बाद में जारी लिखित भाषण और वास्तविक बयान में भी अंतर पाया गया।
वाशिंगटन में अपराध खत्म होने का दावा
राष्ट्रपति ने कहा कि राजधानी वाशिंगटन में अब अपराध नहीं होते। लेकिन मेट्रोपॉलिटन पुलिस के आंकड़ों के अनुसार 2026 में गंभीर अपराधों में वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि कुछ छोटे अपराधों में कमी आई है। ऐसे में अपराध पूरी तरह समाप्त होने का दावा तथ्यात्मक रूप से सही नहीं माना जा रहा।
महंगाई और कीमतों को लेकर बयान
2024 चुनाव के दौरान महंगाई बड़ा मुद्दा रही थी। ट्रंप ने दावा किया कि उनके कार्यकाल में अंडों की कीमतों में 60 प्रतिशत गिरावट आई है। हालांकि, अमेरिकी श्रम विभाग ने इस संबंध में ऐसा कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया है। बीफ की कीमतों में गिरावट का दावा भी आंकड़ों से मेल नहीं खाता, क्योंकि हालिया रिपोर्ट में कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
मिनेसोटा और आव्रजन पर विवादित बयान
ट्रंप ने कहा कि मिनेसोटा में सोमाली समुदाय से जुड़े लोगों ने 19 अरब डॉलर का भ्रष्टाचार किया। अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार मामला लगभग 1 अरब डॉलर का है। इसके अलावा उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने 1 करोड़ लोगों को अमेरिका में आने दिया, जिनमें कई अपराधी थे। इस दावे की भी किसी सरकारी रिपोर्ट से पुष्टि नहीं हुई है।
रोजगार सृजन पर सवाल
ट्रंप ने एक साल में 7 लाख नौकरियां देने का दावा किया, जबकि आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक 2025–26 के बीच लगभग 44 हजार नई नौकरियां सृजित हुईं।कुल मिलाकर, रिकॉर्ड लंबा भाषण देने वाले ट्रंप के दावे अब राजनीतिक और तथ्यात्मक बहस का केंद्र बन गए हैं।









