अहमदाबाद। अहमदाबाद की गुजरात यूनिवर्सिटी में देर रात हॉस्टल में रहने वाले अफगानी और अन्य छात्रों पर भीड़ ने हमला कर दिया।
गमछा पहने और जय श्रीराम का नारा लगाती भीड़ हॉस्टल में घुसी और छात्रों को पीटा। हॉस्टल में पथराव और तोड़फोड़ भी की गई। इसमें 5 लोगों के घायल होने की खबर है।
पिटाई का मामला यूनिवर्सिटी हॉस्टल के A ब्लॉक में शनिवार देर रात का है। अफगानी छात्रों ने आरोप लगाया कि रमजान की रात वे A ब्लॉक में तरावीह (नमाज) पढ़ रहे थे। इस दौरान B ब्लॉक से आए तीन छात्रों ने इसका विरोध किया।
उन्होंने बताया कि उनके जाने के बाद करीब 200 लोगों की भीड़ पहुंच गई और जय श्रीराम का नारा लगाते हुए हमला शुरू कर दिया।
इनमें से कुछ ने हॉस्टल के कमरों में पथराव किया। कुछ हॉस्टल में घुस आए और लैपटॉप, एसी, अलमारी, टेबल, दरवाजे, म्यूजिक सिस्टम तोड़ दीं। बाहर खड़े टू-व्हीलर्स में भी तोड़फोड़ की गई।
घटना का वीडियो भी सामने आया है। राज्य के गृह मंत्री हर्ष सांघवी ने घटना के बाद पुलिस और यूनिवर्सिटी के अधिकारियों की इमरजेंसी मीटिंग बुलाई है।
इससे पहले उन्होंने DG और CP को तुरंत कार्रवाई करने के आदेश दिए। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
इसे भी पढ़ें








