कुएं से मिला 6 दिनों से लापता मजदूर का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका [The body of a laborer missing for 6 days was found in a well, family members suspected murder]

2 Min Read

गिरिडीह। गिरिडीह के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिहोडीह में मंगलवार को एक युवक का शव कुएं से बरामद किया गया। मृतक की पहचान 30 वर्षीय अशोक शर्मा के रूप में हुई, जो पिछले छह दिनों से लापता था। अशोक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।

मिली जानकारी के अनुसार, सुबह एक महिला ने कुएं में तैरते शव को देखा और शोर मचाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला। परिजनों ने शव की पहचान अशोक शर्मा के रूप में की और दावा किया कि वह घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य था।

अशोक की साली चंदा देवी ने बताया कि उनकी बहन रेखा देवी ने पति के लापता होने की शिकायत तीन दिन पहले पुलिस में दर्ज कराई थी। रेखा देवी ने आरोप लगाया कि अशोक के साथ मजदूरी का पैसा न देने को लेकर मारपीट हुई थी, जिसके बाद से वह घर नहीं लौटे।

पुलिस की कार्रवाई जारी

मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने कहा कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घटना स्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस जल्द ही मामले की सच्चाई का खुलासा करने का दावा कर रही है।

परिवार का आरोप

परिजनों ने अशोक की हत्या की आशंका जताई है और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है।

इसे भी पढ़ें

पेड़ से लटका म‍िला युवक का शव, परिजनों ने हत्या की आशंका जतायी

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं