जम्मू में शौर्य चक्र विजेता के घर आतंकी हमला, सेना की फायरिंग में एक आतंकी मारा गया [Terrorist attack on Shaurya Chakra winner’s house in Jammu, one terrorist killed in army firing]

2 Min Read

एक जवान और नागरिक घायल

जम्मू, एजेंसियां। जम्मू के राजौरी के घोंधा में सोमवार सुबह आतंकियों ने एक शौर्य चक्र विजेता के घर पर हमला किया। घटना सुबह 3:10 बजे की है।

हमले की खबर लगते ही 63 आरआर आर्मी कैंप से आई टुकड़ी ने जवाबी कार्रवाई की और एक आतंकी को मार गिराया। आतंकी की पहचान नहीं हो पाई है।

शौर्य चक्र विजेता की पहचान परशोत्तम कुमार के रूप में हुई है। उन्हें पिछले महीने दो आतंकियों को मारने के बाद यह सम्मान मिला था। परशोत्तम कुमार विलेज डिफेंस गार्ड भी हैं।

आतंकी हमले में एक जवान और परशोत्तम कुमार के चाचा घायल हुए हैं। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी

घटना के बाद और सुरक्षाबलों को मौके पर भेजा गया है। छिपे हुए आतंकियों का पता लगाने के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। गंडोह के जंगलों में आंतकियों के छिपे होने की आशंका है।

पिछले कुछ महीनों में जम्मू रीजन में आतंकी हमलों में बढ़ोतरी हुई है। 16 जुलाई को डोडा और 8 जुलाई को कठुआ में आतंकियों के हमले में 10 जवान शहीद हो गए थे।

इसे भी पढ़ें

जम्मू में 500 स्पेशल पैरा कमांडो तैनात, 55 पाकिस्तानी आतंकियों की मौजूदगी का शक

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं