तेलंगाना विधानसभा चुनाव : दोपहर एक बजे तक करीब 37 प्रतिशत मतदान हुआ

3 Min Read

हैदराबाद : तेलंगाना की 119-सदस्यीय विधानसभा के लिए हो रहे चुनाव में बृहस्पतिवार को दोपहर एक बजे तक 36.68 प्रतिशत मतदान हुआ। निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। सुबह से ही मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं को कतारों में खड़े देखा गया। चुनाव में मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव, उनके मंत्री पुत्र के. टी. रामाराव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रेवंत रेड्डी और भाजपा के लोकसभा सदस्यों- बंडी संजय कुमार तथा डी. अरविंद समेत करीब 2,290 उम्मीदवार मैदान में हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी विकास राज ने संवाददाताओं को बताया कि एक या दो जगहों पर छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शहरी इलाकों में अब तक कम रहा मतदान प्रतिशत शाम तक बढ़ सकता है। मुख्यमंत्री चंद्रशेखर राव और उनकी पत्नी के. शोभा ने सिद्दीपेट में चिनरामाडाका गांव में मतदान किया।

केंद्रीय मंत्री और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जी. किशन रेड्डी, भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष के. टी. रामाराव, उनकी बहन और विधान पार्षद के. कविता, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन ( एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी उन नेताओं में शामिल हैं, जिन्होंने सुबह सात बजे मतदान आरंभ होने के बाद शुरुआती घंटों में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। चिरंजीवी, वेंकटेश और अल्लू अर्जुन सहित कई फिल्मी हस्तियों ने भी सुबह मतदान किया। सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति ने राज्य की सभी 119 सीट पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं।

भाजपा और उसकी सहयोगी जनसेना क्रमश: 111 और आठ सीट पर किस्मत आजमा रही हैं, वहीं कांग्रेस ने 118 सीट पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं और एक सीट भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) को दी है। ओवैसी की पार्टी ने हैदराबाद की नौ विधानसभाओं में अपने उम्मीदवार खड़े किए हैं। भारतीय लोकतंत्र की सराहना करते हुए, भाजपा की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष जी. किशन रेड्डी ने कहा कि मतदान की जिम्मेदारी पूरी किए बिना किसी को राजनीतिक व्यवस्था की आलोचना करने का हक नहीं है। मतदाताओं को लुभाने के लिए पैसे और शराब के वितरण को गलत बताते हुए रेड्डी ने मतदाताओं से निडर होकर और किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना मतदान करने का आग्रह किया।

रामाराव ने तेलंगाना के लोगों से बाहर निकलने और बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि मतदान कर एक नागरिक के रूप में उन्होंने अपना कर्तव्य पूरा किया है। राज्य के शहरी इलाकों में पूर्व में देखी गई मतदाताओं की उदासीनता का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘केवल जो लोग सामने आते हैं, उनकी गिनती होती है और बाकी लोगों की लोकतंत्र में कोई गिनती नहीं होती है।’’ बाद में, उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पूरे राज्य से जो खबरें आ रही हैं, उनके मुताबिक ‘कार टॉप गीयर’ में है।’’

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं