पटना। राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के बिहार से गुजरने के बाद अब तेजस्वी यादव जन विश्वास यात्रा लेकर निकल रहे हैं।
उनकी यह यात्रा मंगलवार को मुजफ्फरपुर से शुरू हो रही है। बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव आम लोगों के बीच जाकर महागठबंधन सरकार की उपलब्धियां गिनायेंगे।
यह यात्रा 20 फरवरी से 1 मार्च तक चलेगी। इस दौरान तेजस्वी यादव राज्य के विभिन्न इलाकों में 32 जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
राजद प्रवक्ता चित्तरंजन गगन के अनुसार तेजस्वी की यह यात्रा मंगलवार को ही मुजफ्फरपुर से चलकर सीतामढ़ी और शिवहर भी पहुंचेंगी।
शिवहर में तेजस्वी यादव जनसभा को संबोधित करेंगे। 21 फरवरी को तेजस्वी मोतिहारी, बेतिया और गोपालगंज और 22 फरवरी को सीवान से छपरा और फिर आरा पहुंचेंगे।
23 फरवरी को बक्सर, रोहतास, औरंगाबाद और फिर 24 फरवरी को गया, नवादा, नालंदा, जहानाबाद तथा 25 फरवरी को तेजस्वी की यात्रा वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा एवं मधुबनी जायेगी।
26 फरवरी को सुपौल, अररिया, पूर्णिया एवं मधेपुरा 27 फरवरी को सहरसा, खगड़िया, मुंगेर, बेगूसराय, 28 फरवरी को कटिहार, भागलपुर में तेजस्वी यादव जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
29 फरवरी को 11 बजे दिन में तेजस्वी यादव राजेंद्र स्टेडियम कटिहार में और 2 बजे दिन में शाहजंगी मेला मैदान नाथनगर, भागलपुर में जनसभा करेंगे।
फिर, 1 मार्च को तेजस्वी यादव 11 बजे दिन में चिरैया मोड़, बांका, 1.30 बजे दिन में जमुई और 4.30 बजे लखीसराय में सभा को संबोधित करेंगे और फिर पटना वापस लौट जाएंगे।
इधर, बिहार के डिप्टी सीएम और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने तेजस्वी यादव की जन विश्वास यात्रा को लेकर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि पहले उन्हें लूट यात्रा निकालनी चाहिए।
पटना में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि तेजस्वी को बताना चाहिए कि वे और उनके परिवार ने बिहार में भ्रष्टाचार कर कितनी संपत्ति अर्जित की है।
कितना लूट किया है। पहले उन्हें अपने परिवार के भ्रष्टाचार के विषय में बताना चाहिए।
इसे भी पढ़ें

