पिछले 10 साल में स्टेशनों की हालत सुधरी: राज्यपाल
जमशेदपुर। जमशेदपुर का टाटानगर रेलवे स्टेशन भी विश्वस्तरीय बनेगा इसकी आधारशिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को रखी।
उन्होंने दक्षिण पूर्व रेलवे के 71 स्टेशनों के पुनर्विकास का शिलान्यास किया। इसके साथ ही चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत टाटानगर स्टेशन को भी विश्वस्तरीय बनाने की घोषणा हो गई। इस पर 350 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
इस दौरान टाटानगर स्टेशन में मुख्य अतिथि के रुप में झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन, दक्षिण पूर्व रेलवे के जीएम एके मिश्रा, चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम अरुण जे राठौड़, सांसद विद्यूत वरण महतो, जमशेदपुर के उपायुक्त अनन्य मित्तल, एसएसपी किशोर कौशल समेत रेलवे और प्रशासन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
चक्रधरपुर रेल मंडल के कुल 11 स्टेशनों को अमृत भारत मिशन के तहत पुनर्विकसित किया जाना है। इसके लिए कुल 580 करोड़ रुपये खर्च किए जाने है। वहीं 40 एफओबी और अंडर पास का भी निर्माण किया जायेगा।
इस अवसर पर राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि आज की दिन देश के विकास के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण दिन है। देश के विकास के लिए बेहतर इन्फ्रास्ट्रक्चर का होना बेहद ज़रुरी है।
प्रधानमंत्री द्वारा अमृत भारत योजना लाई गई है. जिसके तहत देश भर में रेलवे को और भी बेहतर बनाने का कार्य किया जा रहा है।
आज से 10 साल पहले स्टेशनों में गंदगी का अंबार लगा होता था। प्रधानमंत्री द्वारा स्वच्छ भारत अभियान की शुरुआत की गई, जिसके बाद आज स्टेशनों में सफाई का स्तर काफी बढ़ गया है।
नरेंद्र मोदी की बदौलत आज देश विश्व का पांचवां सबसे बड़ा अर्थव्यवस्था वाला देश है जो आगे तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर उभरेगा।
इसे भी पढ़ें
प्रधानमंत्री मोदी ने कपड़ा क्षेत्र को हरसंभव सहयोग का वादा किया








