Sukma Naxal encounter: सुकमा में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, 14 नक्सलियों के मारे जाने की खबर; कमांडर मंगडु भी ढेर

2 Min Read

Sukma Naxal encounter

रायपुर, एजेंसियां। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। कोन्टा–किस्टाराम इलाके के घने जंगलों में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में कोन्टा एरिया कमेटी से जुड़े 14 सशस्त्र नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। अधिकारियों के अनुसार मुठभेड़ अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है और रुक-रुककर फायरिंग की सूचना मिल रही है।

खुफिया सूचना के आधार पर शुरू हुआ ऑपरेशन

सुरक्षाबलों को क्षेत्र में नक्सलियों की गतिविधियों को लेकर पुख्ता खुफिया जानकारी मिली थी। इसके बाद सुकमा जिला रिजर्व गार्ड (DRG) की टीम ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। जंगल में आगे बढ़ते ही नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसका सुरक्षाबलों ने मुस्तैदी से जवाब दिया।

भारी मात्रा में हथियार बरामद

मुठभेड़ स्थल से सुरक्षाबलों ने बड़ी संख्या में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है। इनमें एके-47 और इंसास राइफल जैसे स्वचालित हथियार शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि इससे यह स्पष्ट होता है कि मारे गए नक्सली एक सक्रिय और सशस्त्र दस्ते का हिस्सा थे।

एसपी की निगरानी में चला ऑपरेशन

इस पूरे अभियान की कमान सुकमा के पुलिस अधीक्षक (SP) किरण चव्हाण ने स्वयं संभाली। मुठभेड़ के बाद इलाके में अतिरिक्त बलों की तैनाती कर दी गई है और व्यापक सघन तलाशी अभियान जारी है। सुरक्षा एजेंसियां मृत नक्सलियों की पहचान और पूरे घटनाक्रम की पुष्टि में जुटी हुई हैं।

कमांडर मंगडु के मारे जाने की आशंका

सूत्रों के मुताबिक इस मुठभेड़ में नक्सली कमांडर मंगडु के भी मारे जाने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि मारे गए नक्सलियों में कोन्टा एरिया कमेटी के एसीएम हितेश भी शामिल हैं। साथ ही यह भी आशंका है कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) आकाश राव की हत्या में शामिल कुछ नक्सली भी इस मुठभेड़ में मारे गए हैं, जिनकी पहचान की प्रक्रिया जारी है।

Share This Article