भाजपा के घोषणा पत्र में शामिल किये जायेंगे आम लोगों के सुझाव

2 Min Read

नई दिल्ली, एजेंसियां। लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा की घोषणा पत्र समिति की पहली बैठक हो चुकी है। इसकी अध्यक्षता घोषणा पत्र समिति के अध्यक्ष रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की।

इसमें 8 केन्द्रीय मंत्री और तीन मुख्यमंत्री, जिनमें गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव सहित अन्य महत्त्वपूर्ण सदस्य शामिल हुए।

समिति के सह-संयोजक और केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने पत्रकारों को बताया कि लोकसभा चुनाव को लेकर पार्टी का संकल्प पत्र (चुनाव घोषणा पत्र) तैयार करने के लिए देशभर से सुझाव आये हैं।

उन्होंने बताया कि समाज, देश और जनता के हित को ध्यान में रखकर पार्टी अपने संकल्प पत्र को अंतिम रूप देगी।

पीयूष गोयल ने बताया कि बैठक में कई मुद्दों पर सार्थक चर्चा हुई और अलग-अलग विषय पर सभी ने अपने अमूल्य सुझाव दिये।

हमारी कोशिश है कि घोषणा पत्र में आम लोगों के सुझावों को शामिल किया जाये।

उन्होंने बताया कि लगभग 35 दिनों तक 916 वीडियो वैन ने देशभर में 3500 से ज्यादा विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया।

देश के 100 से ज्यादा शहरों में अलग-अलग समाज के वर्गों, व्यावसायिक, व्यापारिक एवं बुद्धिजीवी संगठनों के साथ सभाएं की गयीं, मिस्ड कॉल अभियान चलाया गया और नमो एप के जरिये भी सुझाव लिये गये।

इसके साथ मिस्ड कॉल अभियान के जरिए देशभर से पौने 4 लाख सुझाव आये और नमो ऐप पर भी 01 लाख 70 हजार के लगभग सुझाव आये।

इन सुझावों का संकलन करते हुए इसे शॉर्ट लिस्ट किया गया है। इसके आधार पर पार्टी अपना संकल्प पत्र तैयार करेगी।

इतने बड़े पैमाने पर आये सुझाव अपने आप में दर्शाते हैं कि देश की जनता में कितना उत्साह है और लोगों में यह भरोसा है कि मोदी है, तो मुमकिन है।

इसे भी पढ़ें

तमिलनाडू में डीएमके का कैंपेन-मोदी चाहिए या मटन

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं