लोकसभा चुनाव को देखते हुए बनानी होगी रणनीति : खीरु महतो

2 Min Read

रांची : राजनीतिक दृष्टिकोण से अभी का समय बहुत महत्वपूर्ण है। अत: सभी साथियों को इसे गंभीरता से समझना होगा। कुछ ही महीने बाद लोक सभा का चुनाव है, इसे देखते हुए हमें अपनी रणनीति बनानी होगी। बुधवार को ये बातें जदयू के प्रदेश अध्यक्ष खीरु महतो ने कहीं। वे जदयू के प्रदेश कार्यालय में आयोजित बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि जदयू झारखंड ने एक नारा दिया है। अब न बचेगा कोई भी छोर, जदयू चला गांव की ओर।

हमें इस नारे पर अमल करना होगा। श्री महतो ने कहा कि पार्टी को गांव से लेकर पंचायत स्तर तक पहुंचाना है और जनता के बीच उनके हक-अधिकार को लेकर जन चेतना बढ़ाना है। बैठक में नई कमिटी का गठन हुआ।  इस कमिटी में प्रदेश उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव और कार्यकारिणी सदस्य मिलाकर 28 पदाधिकारियों की पहली लिस्ट जारी की गई है। कमिटी में जदयू महिला प्रकोष्ठ का रांची जिलाध्यक्ष आस्था किरण को बनाया गया।

गौरतलब है कि आस्था किरण रांची विश्वविद्यालय के अंतर्गत विभिन्न कॉलेजों में फैशन टेक्नोलॉजी की फैकल्टी पद पर कार्यरत हैं । साथ ही  झारखंड की जानी-मानी उद्यमी भी हैं। मौके पर मौजूद महिला प्रकोष्ठ की कार्यकारी अध्यक्ष रेणु गोपीनाथ पन्निकर ने कहा कि आस्था किरण के आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी। इस बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ आफताब जमील, मुख्यालय प्रभारी सह प्रदेश महासचिव श्रवण कुमार , जदयू प्रदेश प्रवक्ता सागर, संजय कुमार सिंह , फ़ैज़ अहमद, युवा प्रदेश महासचिव सुजीत वर्मा, रूपेश पासवान, सुखदेव बिरुली, यशवंत सिंह,  बृज मोहन सिंह और भूषण उरांव सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन युवा जदयू प्रदेश अध्यक्ष शीतल सिन्हा ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन युवा  प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक सिन्हा ने किया। बैठक की अध्यक्षता युवा जदयू के प्रदेश अध्यक्ष निर्मल सिंह ने की।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं