अभिनेत्री लैला खान मर्डर मामले में सौतेले पिता को फांसी की सजा

2 Min Read

मुंबई, एजेंसियां। राजेश खन्ना की फिल्म वफा में नजर आईं एक्ट्रेस लैला खान के मर्डर केस में फैसला आ गया है।

13 साल बाद कोर्ट ने लैला खान के सौतेले पिता परवेज टाक को हत्या का आरोपी मानते हुए फांसी की सजा सुनाई है।

उन्हें एक्ट्रेस लैला खान समेत 6 लोगों का कत्ल करने पर दोषी पाया गया है।

मुंबई के सत्र न्यायालय ने इस केस में दोषी पाए गए सौतेले पिता परवेज टाक को मौत की सजा सुनाई है।

बता दें कि यह केस पिछले 13 सालों से चल रहा था, जिसकी जांच और सबूत मिलने के बाद अब आखिरकार दोषी को सजा सुना दी गई है।

लैला खान की मां शेलिना ने तीन शादियां की थीं। लैला खान उनकी और दूसरे पति की बेटी थीं।

साल 2011 में लैला खान अपने 3 भाई-बहनों (अजमीना, जारा, इमरान), कजिन (रेशमा) और मां (सेलिना) के साथ इगतपुरी के फार्महाउस छुट्टियां मनाने गई थीं।

उसके बाद से ही उनके परिवार की कोई खबर नहीं मिल रही थी। जब लंबे समय तक संपर्क नहीं हो सका, तो लैला खान के बायोलॉजिकल पिता (सेलिना के दूसरे पति) ने परिवार की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई थी।

जांच में पता चला कि लैला खान के परिवार को आखिरी बार परवेज टाक के साथ देखा गया था। हत्या के शक में उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था।

जांच में पाया गया कि परवेज टाक ने पत्नी सेलिना से लगातार हो रहे झगड़े के चलते उनके परिवार की हत्या की और फिर उनकी लाशों को इगतपुरी स्थित फार्म हाउस में दफ्ना दिया।

सबूत मिटाने के लिए परवेज ने फार्म हाउस में आग लगा दी थी। करीब 13 साल तक चले केस पर अब कोर्ट ने फैसला सुनाया है।

इसे भी पढ़ें

केदारनाथ में हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, बाल-बाल बचे तीर्थ यात्री

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं