नयी दिल्ली : कांग्रेस ने कहा है कि मणिपुर में हिंसा के कारण हालत पांच महीने में बदतर हो गए हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हालात पर चुप्पी साधे हैं और राज्य के लोगों को उनके हाल पर छोड़कर उनके साथ न्याय नहीं किया जा रहा है।
कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने बुधवार को यहां जारी बयान में कहा,“पांच महीने पहले, तीन मई की शाम को, तथाकथित डबल इंजन सरकार की विभाजनकारी राजनीति के कारण मणिपुर में हिंसा भड़की थी।
लगभग एक महीने के बाद, कर्नाटक चुनाव में अपनी ज़िम्मेदारियों को निभाकर और ऐसे अन्य ज़रूरी कार्यों से मुक्त होकर, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य का दौरा करना उचित समझा लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
वास्तव में हालात और ख़राब हो गए। सामाजिक सद्भाव पूरी तरह से बिगड़ चुका है। हर दूसरे दिन हिंसक अपराधों की भयावह ख़बरें सामने आती हैं। हज़ारों हज़ार लोग अब भी राहत शिविरों में फंसे हुए हैं। सशस्त्र बलों और राज्य पुलिस के बीच झड़प आम बात हो गई है।”







