संदेशखाली में महिलाओं से रेप का है आरोपी 55 दिन से फरार था
कोलकाता। 55 दिन से फरार और इन दिनों मोस्ट वांटेड टीएमसी नेता शेख शाहजहां गिरफ्तार हो गया है।
उस पर पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में महिलाओं के यौन उत्पीड़न और जमीन हड़पने का आरोप है। उसे गुरुवार सुबह नॉर्थ 24 परगना के मीनाखान इलाके से पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
साउथ बंगाल के ADG सुप्रतिम सरकार ने कहा कि शेख शाहजहां 5 जनवरी को ED अफसरों पर हुए हमले के मुख्य आरोपियों में शामिल था। उसे इसी मामले में गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अब उसे रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट में अपील करेगी। बंगाल पुलिस के अनुसार इस गिरफ्तारी में सेक्सुअल असॉल्ट का कोई मामला नहीं है।
शाहजहां के खिलाफ कई मामले दर्ज किए गए हैं। 8 और 9 फरवरी को जो मामले दर्ज हुए हैं, वे सभी 2-3 साल पहले की घटनाओं के हैं। उनकी जांच की जायेगी।
बता दें कि तीन दिन पहले कलकत्ता हाईकोर्ट में इस मामले की सुनवाई हुई थी। इसमें कोर्ट ने बंगाल सरकार को दूसरी बार फटकार लगाते हुए कहा था कि शेख शाहजहां को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।
इसके कुछ घंटे बाद TMC प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा था कि शाहजहां शेख को 7 दिन के अंदर अरेस्ट कर लिया जाएगा।
इससे पहले बीते 5 जनवरी को ED की टीम संदेशखाली में शेख शाहजहां के घर रेड डालने पहुंची थी। तब भीड़ ने टीम पर हमला कर दिया था, जिसमें ED अधिकारी घायल हो गए थे।
इधर, भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि एकाएक शाहजहां की गिरफ्तारी से यही लगता है कि पुलिस से उसकी डील हो गई है। अब उसे फाइव स्टार होटल की सुविधाएं मिलेंगीं।
भाजपा नेता सुकांत मजूमदार ने कहा कि भाजपा ने दबाव डाला, तब सरकार ने गिरफ्तारी की। सरकार तो अब तक शेख शाहजहां को आरोपी मानने से ही इनकार कर रही थी।
संदेशखाली में शेख शाहजहां और उसके दो साथियों शिबू हाजरा और उत्तम सरदार पर आरोप है कि वे महिलाओं से लंबे समय से गैंगरेप कर रहे थे।
इस केस में शिबू हाजरा और उत्तम सरदार समेत 18 लोगों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। शाहजहां शेख TMC का जिलास्तरीय नेता है।
ईडी पर हमले की घटना के बाद से ही वह फरार था। शाहजहां शेख की गिरफ्तारी को लेकर कलकत्ता हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस टीएस शिवज्ञानम ने बीते सोमवार को आदेश दिया था कि पुलिस हर हाल में 4 मार्च को अगली सुनवाई में शाहजहां को कोर्ट में पेश करे।
कोर्ट ने हैरानी जताई कि संदेशखाली में अत्याचार की घटनाओं की सूचना 4 साल पहले पुलिस को दी गई थी। यौन उत्पीड़न समेत 42 मामले हैं, लेकिन उनमें चार्जशीट दायर करने में चार साल लगा दिए।
इसे भी पढ़ें








