सैनी बने हरियाणा के 11वें सीएम, पूर्व के 5 मंत्रियों ने भी ली शपथ

2 Min Read

चंडीगढ़, एजेंसियां। भाजपा सांसद नायब सिंह सैनी ने मंगलवार शाम हरियाणा के 11वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली।

शपथ से पहले उन्होंने मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के पैर छुए। सैनी के बाद कंवर पाल, मूलचंद शर्मा, रणजीत सिंह चौटाला, जयप्रकाश दलाल और डॉ. बनवारी लाल ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। ये पांचों खट्टर कैबिनेट में भी थे।

इससे पहले, मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के इस्तीफे के बाद विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें सैनी को नेता चुना गया।

फिर 54 साल के नायब सिंह सैनी ने राजभवन पहुंचकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। सैनी ने विधायक दल का नेता चुने जाने पर पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का आभार व्यक्त किया।

सैनी मनोहर लाल के करीबी हैं। 27 अक्टूबर 2023 को ही उन्हें हरियाणा भाजपा का अध्यक्ष बनाया गया था।

मनोहर लाल ने BJP और जननायक जनता पार्टी का गठबंधन टूटने के बाद मंगलवार सुबह 11.50 बजे राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया था।

JJP ने भी दिल्ली में अपने विधायकों की बैठक बुलाई। पार्टी के 10 में से 5 विधायक इस बैठक में नहीं पहुंचे। बताया जा रहा है कि ये सभी BJP के संपर्क में हैं।

इसे भी पढ़ें 

पंचायत सेवक अब पंचायत सहायक, मिलेगा मानदेय, कैबिनेट में 30 प्रस्तावों को मंजूरी

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं