Rashmika Vijay mehendi photos:
चेन्नई, एजेंसियां। दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित कपल रश्मिका मंदाना और विजय देवराकोंडा इन दिनों अपनी शादी की तस्वीरों को लेकर सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। दोनों 26 फरवरी 2026 को शादी के बंधन में बंधे थे और अब उनकी मेहंदी और प्रधानम समारोह की तस्वीरें भी सामने आ गई हैं, जो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
मेहंदी समारोह की झलक ने जीता फैंस का दिल
शादी और संगीत समारोह की तस्वीरें साझा करने के बाद अब कपल ने अपनी मेहंदी और प्रधानम रस्म की झलक भी फैंस के साथ शेयर की है। जैसे ही ये तस्वीरें सामने आईं, सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गईं। फैंस इन तस्वीरों में दोनों के बीच नजर आ रहे प्यार और खुशी की जमकर तारीफ कर रहे हैं।तस्वीरों में रश्मिका की हथेली पर बेहद खूबसूरत मेहंदी डिजाइन दिखाई दे रही है, जो फैंस का खास ध्यान खींच रही है। वहीं कई तस्वीरों में दोनों एक-दूसरे की आंखों में खोए हुए नजर आ रहे हैं, जिससे उनकी केमिस्ट्री साफ झलकती है। फैंस ने इस जोड़ी को प्यार से “VIROSH” नाम भी दिया है।
रश्मिका का ट्रेडिशनल लुक बना आकर्षण
मेहंदी समारोह के दौरान रश्मिका मंदाना ने मल्टीकलर डिजाइनर साड़ी पहनी थी, जिसे मशहूर डिजाइनर ब्रांड Torani ने तैयार किया था। इस साड़ी में पारंपरिक पैटर्न का खूबसूरत मेल देखने को मिला। खास बात यह रही कि साड़ी के पल्लू में देवी लक्ष्मी की आकृति भी बनाई गई थी, जिसने उनके लुक को और भी खास बना दिया।वहीं विजय देवरकोंडा ने गहरे रंग का कुर्ता, पारंपरिक धोती और कढ़ाईदार जैकेट पहनकर शाही अंदाज में एंट्री ली। उनका यह लुक भी फैंस को काफी पसंद आया।
उदयपुर में हुई थी भव्य शादी
रश्मिका और विजय की शादी राजस्थान के उदयपुर में एक निजी समारोह में हुई थी। यह समारोह 24 से 26 फरवरी तक चला, जिसमें परिवार और करीबी दोस्त शामिल हुए। इसके बाद 4 मार्च को हैदराबाद में फिल्म इंडस्ट्री के दोस्तों के लिए एक शानदार रिसेप्शन भी आयोजित किया गया।






