Ranchi Civil Court bomb threat:
रांची। झारखंड की राजधानी रांची में स्थित रांची सिविल कोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। अज्ञात व्यक्ति ने ई-मेल के जरिए कोर्ट परिसर को साइनाइड बम से उड़ाने की धमकी दी है। सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ता (BDS) मौके पर पहुंचकर पूरे परिसर की जांच में जुट गया।
ई-मेल में 14 साइनाइड बम लगाने की धमकी
मिली जानकारी के अनुसार अज्ञात व्यक्ति ने ई-मेल भेजकर कोर्ट परिसर में 14 साइनाइड बम लगाने का दावा किया है। ई-मेल में लिखा गया है कि “जब इंसाफ मिलता ही नहीं, इसलिए कोर्ट को उड़ा देंगे।” धमकी मिलने के बाद प्रशासन ने तुरंत सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी और पूरे कोर्ट परिसर की गहन तलाशी शुरू कर दी। मामले की जानकारी मिलने के बाद कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय पुलिस टीम और बम निरोधक दस्ते के साथ कोर्ट परिसर पहुंचे। उन्होंने बताया कि ई-मेल के जरिए मिली धमकी की गंभीरता से जांच की जा रही है और पूरे परिसर को सुरक्षा के लिहाज से खंगाला गया है।
एक महीने में तीसरी बार मिली धमकी
रांची में पिछले एक महीने से लगातार ई-मेल के जरिए बम धमाके की धमकियां दी जा रही हैं। बताया जा रहा है कि सिविल कोर्ट को यह तीसरी बार धमकी मिली है। इससे पहले भी फरवरी महीने में दो बार कोर्ट को उड़ाने की धमकी दी जा चुकी है।इसके अलावा रांची DC ऑफिस और रांची पासपोर्ट ऑफिस को भी ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। लगातार मिल रही इन धमकियों के कारण राजधानी में दहशत का माहौल बन गया है।
अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज
मामले को लेकर पुलिस ने कोतवाली और सुखदेवनगर थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस और साइबर सेल ई-मेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी हुई है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस के अनुसार धमकी भरे ई-मेल में आरडीएक्स, आईईडी और आत्मघाती हमले जैसे खतरनाक तरीकों का भी जिक्र किया गया है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
पुलिस नहीं लेना चाहती कोई जोखिम
लगातार मिल रही धमकियों के कारण पुलिस और बम निरोधक दस्ता पूरी तरह सतर्क है। हर बार धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचकर पूरे परिसर की जांच करती हैं, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।








