Dhurandhar 2:
मुंबई, एजेंसियां। रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘धुरंधर 2’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। हाल ही में फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ, जिसे फैंस ने काफी पसंद किया है। ट्रेलर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी फिल्म को लेकर चर्चा तेज हो गई है। इसी बीच फिल्म में अहम भूमिका निभा रहे अभिनेता राकेश बेदी ने फिल्म की संभावित कमाई और दर्शकों के क्रेज को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
‘धुरंधर’ के पहले पार्ट को काफी प्यार मिला
दरअसल, ‘धुरंधर’ के पहले पार्ट को दर्शकों का काफी प्यार मिला था। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए कई रिकॉर्ड भी बनाए थे। हालांकि, मेकर्स ने कहानी को एक सस्पेंस भरे मोड़ पर खत्म किया था, जिससे दर्शकों के बीच इसके दूसरे भाग को लेकर लंबे समय से उत्सुकता बनी हुई थी। अब जब ‘धुरंधर 2’ रिलीज के लिए तैयार है, तो दर्शकों की उत्सुकता और भी बढ़ गई है।
19 मार्च को धुरंधर 2 आने वाली है
फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। इससे पहले ही इसके पेड प्रीव्यू शो के लिए एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, देशभर में अब तक 2 लाख से ज्यादा टिकटों की बिक्री हो चुकी है। इतनी बड़ी संख्या में टिकट बिकने से साफ है कि फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त क्रेज है।इसी को लेकर एबीपी लाइव से बातचीत में राकेश बेदी से पूछा गया कि क्या यह फिल्म 2000 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड तोड़ सकती है। इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि बॉक्स ऑफिस का अनुमान लगाना आसान नहीं होता, लेकिन फिल्म को लेकर दर्शकों का उत्साह काफी ज्यादा है।
उन्होंने कहा कि पहले लोग फिल्म को बिना ज्यादा जानकारी के देखने जाते थे, लेकिन अब दर्शकों को कहानी का अंदाजा है और वे इसके अगले हिस्से को देखने के लिए उत्साहित हैं। उनके मुताबिक, दर्शकों को लगता है कि वे इस कहानी से जुड़े हुए हैं और यही जुड़ाव फिल्म की सफलता का बड़ा कारण बन सकता है।
राकेश बेदी ने और क्या कहा?
राकेश बेदी ने यह भी कहा कि पहले पार्ट में कहानी को एक ऐसे मोड़ पर छोड़ा गया था, जहां से आगे क्या होगा, यह जानने की उत्सुकता दर्शकों में बनी हुई है। उन्होंने इसकी तुलना क्रिकेट मैच के आखिरी ओवर से करते हुए कहा कि जैसे अंतिम ओवर में रोमांच बढ़ जाता है, वैसे ही इस फिल्म के अगले भाग को देखने की उत्सुकता भी लोगों में है।
फिल्म में राकेश बेदी ने जमील जामली का किरदार निभाया है। उन्होंने बताया कि इस किरदार में पाकिस्तान के कई राजनेताओं की झलक को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया गया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि रिलीज के बाद ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर कितना बड़ा धमाका करती है।








