दुमका। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सीता सोरेन अगर दुमका से सांसद बनकर जाती है, तो यहां की समस्याओं को प्रभावी तरीके से उठाएगी, ये मुझे पूर्ण विश्वास है।
पहले भी जिसकी भी सरकार बनीं तो सभी ने गरीबी मिटाने की बात की। लेकिन किसी ने गरीबी मिटाने के लिए कुछ नहीं किया।
पीएम मोदी ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से निकालने का काम किया। मोदी जी फिर पीएम बनने जा रहे हैं।
राजनाथ सिंह ने उक्त बातें शुक्रवार को दुमका में सीता सोरेन के नामांकन के बाद आयोजित जनसभा में कही।
उन्होंने कहा कि 10 सालों में पीएम मोदी ने जितना काम किया किसी ने नहीं किया। धन दौलत के मामले में हमारा देश पांचवे नंबर पर है।
भारत की आजादी में आदिवासी समाज ने बड़ी भूमिका निभाई। पीएम मोदी के कारण देश लगातार आगे बढ़ रहा है।
कोई भ्रष्टाचारी पीएम मोदी की नजर से बचेगा नहीं। कांग्रेस की सरकार जब जब रही तब-तब भ्रष्टाचार हावी रहा।
हम भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कुछ कहते हैं तो ये लोग कहते हैं हमने गलत किया। अगर हमने गलत किया होगा तो हमारे खिलाफ कार्रवाई होगी।
आप हाईकोर्ट जाईए, सुप्रीम कोर्ट जाइए। हमलोग किसी को जाति धर्म के आधार पर नहीं बांटते हैं।
झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार ने आपके साथ भेदभाव किया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा को इसकी सजा मिलकर रहेगी।
राजनाथ सिंह ने कहा कि पहले कोई मंत्री विदेश जाता था तो कहा जाता था भारत गरीबों का देश है। जबकि आज कोई जाता है तो और भारत कुछ कहता है तो पूरी दुनिया ध्यान से सुनती है।
युक्रेन में भारत के 28 से 30 हजार बच्चे पढ़ते थे। उनके मां-बाप ने पीएम से मुलाकात की थी। पीएम ने दोनों देश के राष्ट्रपतियों से बात की तो साढ़े चार घंटे के लिए युद्ध रूक गया।
10 साल पहले भारत की स्थिति बहुत बुरी थी। हमारे पीएम हर धर्म को मानते हैं। एक बार तो खबर आई कि झारखंड के मुख्यमंत्री 24 घंटे से लापता है।
अपने जीवन में मैंने आज तक ऐसा नहीं सुना था। झारखंड के लोग गरीब हो सकते हैं, लेकिन स्वाभिमानी हैं। आप 1 जून को कमल का बटन दबाईए और सीता सोरेन को जीताईए।
राजनाथ सिंह ने विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि विपक्ष भाजपा के ऊपर आरक्षण खत्म करने का झूठा आरोप लगाता है।
लेकिन मैं कहता हूं कि आरक्षण कभी खत्म नहीं होने देंगे। उन्होंने हुंकार भरते हुए कहा कि किसी के माई के लाल में दम नहीं की आरक्षण को खत्म कर दे।
उन्होंने आदिवासी समाज के लोगों को विश्वास दिलाते हुए कहा कि आपका आरक्षण कोई खत्म नहीं कर सकता है।
इसे भी पढ़ें
PM की दहाड़- जब तक मोदी जिंदा है, SC-ST-OBC का आरक्षण किसी धर्म को नहीं देने देगा








