राजस्थान : मि‍ग 21 दुर्घटनाग्रस्त, दो लोगों की मौत, पायलट सुरक्षित

2 Min Read

जयपुर : भारतीय वायुसेना का लड़ाकू मिग 21 विमान सोमवार को सुबह हनुमानगढ़ जिले के एक गांव में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अधिकारियों के अनुसार, विमान के पायलट सुरक्षित हैं लेकिन हादसे में कम से कम दो ग्रामीणों की मौत हो गई। हनुमानगढ़ की जिला कलेक्टर रुक्मणि रियार ने बताया कि भारतीय वायुसेना का मिग 21 विमान डबली इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

उन्होंने बताया कि पायलट सुरक्षित हैं। बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ओम प्रकाश ने बताया कि हनुमानगढ़ जिले के पीलीबंगा के पास हुए विमान हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और इतने ही लोग घायल हो गए। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के बाद काफी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए हैं और पुलिस तथा प्रशासन कानून व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वायुसेना को सूचित कर दिया गया है और वे ही हादसे के कारणों की तकनीकी जानकारी दे सकेंगे। अधिकारी ने कहा कि पायलट ने विमान को गांव से दूर ले जाने की हरसंभव कोशिश की और विमान को गांव के एक सिरे की ओर ले गया।

उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं में हताहत हुए लोगों के लिए राहत और मुआवजे का प्रावधान होता है और उसके अनुसार सभी कदम उठाए जाएंगे।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जस्साराम बोस ने कहा कि कम से कम दो नागरिकों के मारे जाने की खबर है।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं