राज्यपाल बनने के बाद यहां रहेंगे रघुवर दास, 88 एकड़ में फैला है भुवनेश्वर का राजभवन

2 Min Read

दयानंद राय

रांची : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास को उड़ीसा का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। विजयदशमी के बाद वे राज्यपाल का पदभार संभालेंगे। इसके बाद उनका नया आशियाना भुवनेश्वर का राजभवन होगा।

तो आइए आज हम बताते हैं उनके नये आशियाने की खासियत। भुवनेश्वर का राजभवन जो रघुवर दास का नया आशियाना बनने जा रहा है वह 88 एकड़ में फैला है। भुवनेश्वर का राजभवन शहर के पश्चिमी हिस्से में अवस्थित है और इसे आर्किटेक्ट जूलियस वाज ने डिजाइन किया था।

एक जनवरी 1958 को इसका निर्माण कार्य शुरू हुआ था और उड़ीसा के तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ हरेकृष्ण महताब ने इसकी आधारशिला रखी थी। 31 मार्च 1960 को यह बनकर तैयार हो गया और उड़ीसा के 11वें राज्यपाल वाइएन सुथंकर इसमें रहनेवाले पहले राज्यपाल थे।

राजभवन की मुख्य बिल्डिंग में राज्यपाल का आवास और उनका चैंबर है। राज्यपाल का रेसिडेंसियल क्वार्टर पहले तल्ले पर है और यह पूरी तरह फर्निशड है। बाहर से आनेवाले अतिथियों के लिए यहां नौ सुइट्स हैं। ये सुइट्स भव्य और आकर्षक हैं।

राजभवन में एक भव्य गार्डेन और डियर पार्क भी हैं। राज्यपाल के तौर पर रघुवर दास प्रो गणेशी लाल का स्थान लेंगे।प्रोफेसर गणेशी लाल का कार्यकाल 18 अक्टूबर को खत्म हो चुका है। उन्होंने उड़ीसा के 25वें राज्यपाल के रूप में काम किया। अब रघुवर दास उड़ीसा के 26वें राज्यपाल होंगे।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं