अग्निपथ योजना को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन

2 Min Read

नयी दिल्ली :  ‘अग्निपथ’ योजना शुरू होने से पहले रक्षा बलों में चयनित लोगों की भर्ती की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को यहां जंतर-मंतर पर सैकड़ों युवाओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। यह विरोध प्रदर्शन अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के पूर्व सैनिक विभाग के बैनर तले किया गया।

एआईसीसी के पूर्व सैनिक विभाग के अध्यक्ष कर्नल (सेवानिवृत्त) रोहित चौधरी ने जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के दौरान कहा, ‘‘अग्निपथ योजना शुरू होने से पहले रक्षा बलों में भर्ती के लिए चुने गए लगभग 1.5 लाख युवा अब तक अपनी नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं। रक्षा सेवाओं में शामिल होने के लिए, उन्होंने सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली थीं और अंतिम चयन के लिए पात्र पाये गये थे। हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से इन युवाओं को सेना में शामिल होने की अनुमति देने का अनुरोध कर रहे थे।’’

उन्होंने कहा कि देश को ‘अग्निपथ’ योजना के तहत चार साल के लिए ‘‘संविदा के आधार पर सेना’’ के बजाय एक स्थायी सेना की जरूरत है।

चौधरी ने कहा, ‘‘पश्चिमी सीमा लगभग 1,400 किलोमीटर है, हम चीन के साथ 3,800 किलोमीटर लंबी सीमा और अन्य देशों के साथ 6,500 किलोमीटर लंबी तटरेखा साझा करते हैं। हमें अपनी सीमाओं की रक्षा के लिए स्थायी बल की आवश्यकता है।’’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपनी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान इन 1.5 लाख युवाओं के दर्द को समझा था और दिल्ली में उनमें से कुछ के साथ बातचीत भी की थी।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने फैसला किया है कि यदि 2024 में कांग्रेस केंद्र की सरकार सत्ता में आती है, तो हम इस योजना को जल्द से जल्द रद्द करेंगे और इन 1.5 लाख युवाओं के वास्ते रक्षा बलों में नौकरियां सुनिश्चित करेंगे।’’

इसे भी पढ़ें

आज होटवार जेल में रहेंगे हेमंत, रिमांड पर फैसला कल

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं