प्रधानमंत्री के वैचारिक पूर्वजों ने अंग्रेजों और मुस्लिम लीग का साथ दिया था: खरगे

2 Min Read

नयी दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पार्टी के घोषणापत्र को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हमले पर पलटवार करते हुए सोमवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री के वैचारिक पूर्वजों ने स्वतंत्रता आंदोलन के समय अंग्रेजों और मुस्लिम लीग का साथ दिया था।

उन्होंने दावा किया, ‘‘ मोदी-शाह के पुरखों ने 1942 में ‘‘भारत छोड़ो’’ आंदोलन के दौरान, महात्मा गांधी के आह्वान व मौलाना आज़ाद की अध्यक्षता वाले आंदोलन का विरोध किया।

सभी जानते है कि आपके पुरखों ने 1940 के दशक में मुस्लिम लीग के साथ मिलकर बंगाल, सिंध और उत्तर पश्चिम सीमांत प्रांत में अपनी सरकार बनाई।’’

खरगे ने सवाल किया कि क्या श्यामा प्रसाद मुख़र्जी ने तत्कालीन अंग्रेज़ गवर्नर को ये नहीं लिखा था कि 1942 के कांग्रेस के ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ को कैसे दबाना चाहिए और इसके लिए वह अंग्रज़ों का साथ देने के लिए तैयार है?

उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी-शाह व उनके द्वारा नामित अध्यक्ष (जेपी नड्डा) आज कांग्रेस घोषणापत्र के बारे में उल्टी-सीधी भ्रांतियां फैला रहे हैं।

खरगे ने दावा किया, ‘‘मोदी जी की भाषणों में केवल आरएसएस की बू आती है, दिन पर दिन भाजपा की चुनावी हालत इतनी खस्ता होती जा रही है कि आरएसएस को अपने पुराने मित्र – मुस्लिम लीग – की याद सताने लगी है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘सच केवल एक है – कांग्रेस के न्याय पत्र में हिंदुस्तान के 140 करोड़ लोगों की आशाओं व आकांक्षाओं की छाप है।

उनकी सम्मिलित शक्ति, मोदी जी के 10 सालों के अन्याय काल का अंत करेगी।’’

इसे भी पढ़ें

प्रेस्टीज एस्टेट्स ने 2023-24 में 21,040 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की

Share This Article
Exit mobile version