राष्ट्रपति मुर्मू ने 10 जवानों को किया कीर्ति चक्र से सम्मानित, 26 को मिला शौर्य चक्र [President Murmu honored 10 soldiers with Kirti Chakra, 26 received Shaurya Chakra]

2 Min Read

नई दिल्ली, एजेंसियां। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सेना और अर्धसैनिक बलों के 10 जवानों को उनके अदम्य साहस और असाधारण वीरता के लिए कीर्ति चक्र से सम्मानित किया।

इनमें से 7 जवानों को मरणोपरांत इस सम्मान से सम्मानित किया गया। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर राष्ट्रपति मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित रक्षा अलंकरण समारोह के दौरान 26 सशस्त्र बलों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और राज्य/केंद्र शासित प्रदेश पुलिस के कर्मियों को शौर्य चक्र भी प्रदान किए जिनमें से 7 जवानों को यह सम्मान मरणोपरांत दिया गया।

शहीद जवानों के परिजनों ने राष्ट्रपति से प्राप्त किया सम्मान

रक्षा मंत्रालय के बयान में साझा की गई पुरस्कार विजेताओं की लिस्ट के मुताबिक, राष्ट्रीय राइफल्स की 55वीं बटालियन के ग्रेनेडियर्स के सिपाही पवन कुमार, पंजाब रेजिमेंट की 26वीं बटालियन के सेना मेडिकल कोर के कैप्टन अंशुमन सिंह और भारतीय सेना की पैराशूट रेजिमेंट (विशेष बल) की 9वीं बटालियन के हवलदार अब्दुल मजीद को मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया।

CRPF के इंस्पेक्टर दिलीप कुमार दास, हेड कॉन्स्टेबल राज कुमार यादव और सिपाही बबलू राभा व शंभू रॉय को कीर्ति चक्र (मरणोपरांत) से सम्मानित किया गया और उनके परिवार के सदस्यों ने यह सम्मान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से प्राप्त किया।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया X पर कहा, जवानों का साहस हमारे लोगों को करेगा प्रेरित

पीएम नरेन्द्र मोदी ने ‘X’ पर जारी पोस्ट में कहा, ‘राष्ट्रपति भवन में रक्षा अलंकरण समारोह-2024 (चरण-1) में शामिल हुआ, जहां राष्ट्रपति जी ने वीरता पुरस्कार प्रदान किए।

हमारे देश को हमारे बहादुर सैनिकों की वीरता और समर्पण पर गर्व है। वे सेवा और बलिदान के सर्वोच्च आदर्शों का उदाहरण हैं। उनका साहस हमेशा हमारे लोगों को प्रेरित करता रहेगा।’

इसे भी पढ़ें

4 स्तंभों को सरकार दे रही प्राथमिकताः मुर्मू

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं