राष्ट्रपति मुर्मू ने कैग, अन्य संस्थाओं से 2047 तक विकसित भारत बनाने में योगदान देने को कहा

1 Min Read

नयी दिल्ली : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) एवं अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों का आह्वान किया कि वे 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए योगदान दें। कैग द्वारा आयोजित ‘ऑडिट दिवस’ को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने विभिन्न कदम उठाने के लिए नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक की तारीफ भी की।

इनमें डाटा प्रबंधन और विश्लेषण केंद्र की स्थापना शामिल है जिसमें डिजिटल प्रौद्योगिकी और अन्य आधुनिक तरीके अपनाये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य के प्रति यह जागरुकता उपयोगी साबित होगी। मुर्मू ने कहा, ‘‘आज, हमारे देशवासी 2047 तक विकसित भारत बनाने की दिशा में तेजी से बढ़ना चाहते हैं।

कैग समेत देश के सभी महत्वपूर्ण संस्थानों और समुदायों को इस लक्ष्य को पाने के लिए योगदान देना होगा।’’देश में 16 नवंबर, 1860 को प्रथम महालेखा परीक्षक की नियुक्ति और कैग के गठन के महत्व को रेखांकित करते हुए 2021 से हर साल आज के दिन ‘ऑडिट दिवस’ मनाया जाता है। कैग गिरीश चंद्र मुर्मू ने कहा कि डिजिटल तकनीक के परिप्रेक्ष्य में शासन में आमूल-चूल बदलाव को देखते हुए नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक ने भी प्रौद्योगिकी को अपनाया है।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं