संदेशखाली में फिर बवाल, जांच करने पहुंची टीम को पुलिस ने किया गिरफ्तार

4 Min Read

दुष्कर्म की शिकायत करने वाली महिलाएं लापता

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के हिंसा प्रभावित संदेशखाली में रविवार को फिर बवाल हुआ है। दिल्ली से मामले की जांच करने आई फैक्ट फाइंडिंग टीम को साउथ 24 परगना में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

टीम के एक सदस्य नरसिम्हा रेड्‌डी के अनुसार वे यहां बैठे थे, पर पुलिस ने हमें गिरफ्तार कर लिया है। हमारे बैठने से भी उन्हें परेशानी है।

अब हम गवर्नर से मिलकर इसकी शिकायत करेंगे। इसके बाद हम दिल्ली में गृह मंत्रालय में अपनी बात रखेंगे।

उधर, भांगर डिविजन के डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि हम टीम के लोगों से रिक्वेस्ट कर रहे हैं कि आप यहां से आगे मत बढ़िए पर वे पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश कर रहे थे।

इसलिए हमें उन्हें गिरफ्तार करना पड़ा। अगर शांति भंग की कोशिश की जाती है तो पुलिस को गिरफ्तारी का अधिकार है।

उधर, पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में से सूचना आ रही है कि अब आवाज उठाने वाली महिलाओं को धमकाया जा रहा है। गांव की महिलाएं काफी डरी हुई हैं।

कालिंदी नदी के किनारे बने बांध पर जुटी स्थानीय महिलाओं ने कहा कि जो महिलाएं आवाज उठा रही हैं, अब उन पर हमले हो रहे हैं।

शुरू में जिन्होंने बेखौफ आवाज उठाई, अब उन पर हमले हो रहे। चुप रहने की धमकियां मिल रहीं हैं।

बता दें कि महिलाओं से गैंगरेप और उत्पीड़न की शिकायतों को लेकर संदेशखाली सुर्खियों में है। जो महिलाएं पहले आरोपी टीएमसी नेता शाहजहां शेख के खिलाफ खुलकर बोल रही थीं, वो अब चुप हैं।

महिलाएं अब चेहरा ढककर प्रदर्शन कर रही हैं, लेकिन उनकी नारेबाजी बंद हो गई है। एक महिला ने बताया कि आरोपी तो जेल से छूट जाएंगे, हमें कौन बचाएगा।

हमले तो अभी से होने लगे हैं। तीन दिन में 3 घटनाएं हो चुकीं। पुलिस मौजूद है, इसलिए शिकायत किससे करें?

गांव में किसी ने नहीं बताया कि गैंगरेप की शिकार महिलाएं कौन हैं और कहां हैं? जिन दो महिलाओं ने पहले शिकायत की, उन्हें लापता बताया जा रहा है।

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने कहा कि दो महिलाओं से दुष्कर्म हुआ। एक की शिकायत मैंने दर्ज कराई। दूसरी पीड़िता के बारे में पूछने पर वह चुप्पी साध लेती हैं।

इस मामले में तीन आरोपी हैं शाहजहां शेख, शिबू हाजरा और उत्तम सरदार। लेकिन, अब शाहजहां के भाई सिराजुद्दीन उर्फ डॉक्टर का नाम भी लिस्ट में जुड़ गया है।

बेड़मजूर गांव के कैंप में मौसमी हालदार ने शिकायत की है कि सिराज ने उसकी डेढ़ बीघा जमीन हड़प ली है। पुलिस में शिकायत की तो उल्टे हमें मामला सुलझाने की सलाह दे दी गई।

वे कई दिन तक धमकी देते रहे। अभी भी धमकी दे रहे हैं। मौसमी के अलावा युधिष्ठिर हालदार ने भी शिकायत की है।

इसे भी पढ़ें

बढ़े हुए आये पानी के बिलों से परेशान लोगों से मिले अरविंद केजरीवाल और आतिशी

TAGGED:
Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं