PM Modi: हमें नहीं भूलना चाहिए कि कांग्रेस ने बाबा साहेब के साथ क्या किया : पीएम मोदी [We should not forget what Congress did to Baba Saheb: PM Modi]

3 Min Read

PM Modi:

नई दिल्ली, एजेंसियां। पीएम नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि कांग्रेस ने बाबा साहेब अंबेडकर के साथ कैसा व्यवहार किया। उन्हें बार-बार अपमानित किया और दो बार चुनाव में हराया। उन्हें व्यवस्था से बाहर रखने के लिए षड्यंत्र रचे गए। यहां तक की उनके जाने के बाद भी उनकी विरासत मिटाने की कोशिश की गई।

उन्होंने कांग्रेस को कठघरे में खड़ा करते हुए हरियाणा में हिसार की जनसभा में यह बात कही। पीएम मोदी ने कहा कि बाबा साहेब ने देश को समानता की राह दिखाई लेकिन कांग्रेस ने देशभर में वोट बैंक की राजनीति को बढ़ावा दिया। पीएम ने इस दौरान वक्फ कानून का भी जिक्र किया और उसे कांग्रेस की कुनीति का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सिर्फ कुछ कट्टरपंथियों को खुश करने के लिए बाकी समाज को बेहाल, अशिक्षित और गरीब रखा।

PM Modi: वक्फ कानून से आदिवासियों को होगा फायदा

उन्होंने कहा कि नए वक्फ कानून में ऐसी व्यवस्था की गई है कि आदिवासी की जमीन को हिन्दुस्तान के किसी भी कोने में वक्फ बोर्ड हाथ भी नहीं लगा पाएगा। उन्होंने कहा कि नए प्रावधानों में वक्फ की पवित्र भावना का सम्मान होगा। मुस्लिम समाज के गरीब और पसमांदा परिवारों, महिलाओं, विद्वान और बच्चों को उनका हक मिलेगा। यही सही मायने में सामाजिक न्याय है।

पीएम नरेंद्र मोदी ने इससे पहले हिसार में एयरपोर्ट की नई टर्मिनल बिल्डिंग की आधारशिला रखी और अयोध्या के लिए सीधी उड़ान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि आज यह गर्व का विषय है कि भाजपा विकसित हरियाणा, विकसित भारत को लेकर पूरी गंभीरता से काम कर रही है।

PM Modi:

संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर प्रधानमंत्री ने उन्हें याद करते हुए कहा कि उनका जीवन संघर्ष और जीवन संदेश भाजपा सरकार की 11 साल की यात्रा का प्रेरणा स्तंभ बना रहा है। हमारा हर दिन, हर फैसला बाबा साहेब को समर्पित रहा है। हिसार से अयोध्या के लिए सीधी विमान उड़ान सेवा की शुरुआत पर प्रधानमंत्री ने कहा कि इससे कृष्ण की पावन भूमि आज प्रभु राम की नगरी से सीधी जुड़ गई है।

उन्होंने कहा कि बहुत जल्द ही यहां से दूसरे शहरों के लिए भी उड़ान शुरू होंगी। उन्होंने एक बार फिर अपना ‘हवाई चप्पल पहनने वाला हवाई जहाज में उड़ेगा’ के अपने वादे को दोहराया।

इसे भी पढ़ें

Bhimrao Ambedkar: सीएम हेमंत ने भीमराव अंबेडकर को किया नमन

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं