नयी दिल्ली : दिल्ली स्थित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर व्हीलचेयर सवार एक व्यक्ति को जूतों में छिपाकर 1.13 करोड़ रुपये का सोना तस्करी करने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। सीमाशुल्क विभाग के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर निवासी आरोपी को सीमाशुल्क अधिकारियों ने सोमवार को दुबई से यहां पहुंचने पर रोका था।
इस संबंध में एक अधिकारी ने कहा कि यात्री की उम्र 25 से 30 साल के बीच रही होगी। उन्होंने कहा कि यात्री में किसी तरह की शारीरिक समस्या नहीं थी इसके बाद भी उसने व्हील चेयर का सहारा लिया। जब विस्तार से उसकी जांच की गयी तो 1.13 करोड़ रुपये का 2.15 किलोग्राम सोना पेस्ट के रूप में उसके जूतों में छिपा मिला। अधिकारी ने कहा कि दुबई में काम करनेवाले आरोपी को कुछ ट्रेवल एजेंट ने यात्रा के टिकट का बंदोबस्त करने के बदले सोने की तस्करी के लिए मनाया था।
करीब दो साल बाद घर आ रहे यात्री को सोना ले जाने के लिए दुबई से दिल्ली का हवाई टिकट दिया गया था। सीमा शुल्क के अधिकारियों से बचने के लिए व्हील चेयर इस्तेमाल करने का तरीका भी ट्रेवल एजेंट ने ही बताया था। अधिकारी के अनुसार यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया और एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया।अदालत ने उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।







