अब छेड़खानी के आरोप में फंसे क्रिकेटर पृथ्वी शॉ

3 Min Read

नई दिल्ली, एजेंसियां। दिल्ली कैपिटल्स के क्रिकेटर पृथ्वी शॉ एक बार फिर मुसीबत में हैं। मुंबई की एक अदालत ने पुलिस को क्रिकेटर पृथ्वी शॉ के खिलाफ पिछले साल सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर सपना गिल से छेड़छाड़ की शिकायत पर जांच के आदेश दिए हैं।

मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट एससी तायडे ने इस मामले में 19 जून तक जांच रिपोर्ट जमा करने के कहा है।

अदालत ने हालांकि, पृथ्वी और अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं करने की पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की सपना गिल की दलील खारिज कर दी।

सपना गिल ने आरोप लगाया था कि पृथ्वी ने अंधेरी में एक पब में उनके साथ छेड़खानी की थी। सपना गिल को फरवरी 2023 को अन्य लोगों के साथ पृथ्वी पर हमले के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

दरअसल, पृथ्वी और सपना गिल के बीच सेल्फी लेने को लेकर बहस हुई थी। गिल फिलहाल जमानत पर हैं।

जमानत मिलने के बाद सपना गिल पृथ्वी, उनके दोस्त आशीष यादव और अन्य के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने अंधेरी हवाई अड्डा थाने पहुंची। पुलिस द्वारा मामला दर्ज नहीं करने पर उन्होंने मजिस्ट्रेट अदालत की शरण ली।

बता दें कि पृथ्वी, उनके दोस्त और सपना गिल के साथी मुंबई में 15 फरवरी 2023 की देर रात एक क्लब के बाहर आपस में भिड़ गए थे। इसके बाद सपना गिल ने पृथ्वी शॉ पर आरोप लगाया कि उनसे इस क्रिकेटर और उनके दोस्तों ने छेड़छाड़ की और उन पर हमला किया।

सपना ने कहा था कि मैंने कोई सेल्फी के लिए नहीं कहा। हमलोग मस्ती कर रहे थे तो मेरा दोस्त वीडियो बनाने की कोशिश करने लगा, तभी मैंने देखा कि वो लोग मेरे दोस्त को पीटने लगे।

मेरा दोस्त सबूत दिखाने के लिए वीडियो बनाने की कोशिश कर रहा था। मैंने मेरे दोस्त को बचाया, मगर इसके बाद वो लोग मुझे बेसबॉल से पीटने लगे। एक या 2 लोगों ने मुझे पीटा और मेरे प्राइवेट पार्ट को छुआ। यहां तक कि उन्होंने मुझे थप्पड़ भी मारे।

इधर, पृथ्वी के दोस्त आशीष सुरेंद्र यादव ने भी शिकायत दर्ज कराई थी। उसने सपना गिल और उनके साथियों पर उनकी कार का पीछा करने और झूठा केस बनाने की धमकी देने का आरोप लगाया था।

इसे भी पढ़ें

रामनवमी पूजा समिति का पुनर्गठन

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं